चंडीगढ़ छेड़छाड़ केस: वर्णिका के गुनहगारों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 12 अगस्त 2017, 3:45 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके दोस्त आशीष कुमार को एक आईएएस अधिकारी की बेटी वर्णिका कुंडू का पीछा करने और उसका अपहरण करने की कोशिश के मामले में शनिवार को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों केा 25 अगस्त तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इससे पहले दोनों आरोपियों को पांच अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन जल्द ही वे जमानत पर छूट गए थे।

इसके बाद मीडिया के दबाव के चलते पुलिस ने बाद में उन्हें भारतीय दंड संहिता की गैर जमानती धाराओं 365 और 511 (अपहरण के प्रयास) के तहत फिर से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को शुक्रवार को दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया। इसके बाद शनिवार को फिर से दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

विकास के समर्थकों ने बनाया फेसुबक पेज

एक ओर विकास बराला के समर्थकों ने सोशल साइट्स पर जस्टिस फॉर विकास बराला नाम से एक पेज बनाया है। इस पर कई तरह के ऐसे पोस्ट डाले गए हैं, जिनसे साबित करने की कोशिश की जा रही है कि विकास बेगुनाह है और राजनीति का शिकार हो गया है।

चंडीगढ़ में महिलाओं ने निकाला विरोध मार्च


वहीं, दूसरी ओर हरियाणा के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे द्वारा वर्णिका कुंडू के साथ की गई छेड़छाड़ के विरोध में और यह संदेश देने के लिए कि महिलाएं किसी भी समय कहीं भी आने जाने के लिए आजाद हैं, चंडीगढ़ में सैकड़ों महिलाओं ने देर रात मार्च किया। मार्च शुक्रवार रात 11 बजे सेक्टर 16 में स्थित चंडीगढ़ रोज गार्डन से शुरू हुआ और गेरी रूट के नाम से मशहूर सेक्टर 10 और 11 के रास्ते निकला गया।

मार्च में शामिल युवतियों और उम्रदराज महिलाओं ने बेखौफ आजादी मार्च निकालते हुए कहा कि वे यहां के पीछा करने वाले और सांभ्रांत गुंडों के खिलाफ सडक़ों पर अपना हक जताने के लिए निकली हैं। मार्च में शामिल कार्यकर्ता एमी सिंह ने कहा, हमने सभी को यह संदेश देने के लिए सडक़ों पर उतरे हैं कि महिलाएं किसी भी समय कहीं भी आने जाने के लिए आजाद हैं और वे पुरुषों का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेंगी।

जानें-क्या है पूरा मामला

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

4 अगस्त की रात करीब 11-12 बजे चंडीगढ़ में एक आईएएस अफसर की बेटी अपनी कार से जा रही थी। लडक़ी का आरोप है कि कार सवार दो लडक़ों ने उसका पीछा किया। उसकी कार के आगे अपनी कार अड़ाकर रोका। गेट से बाहर खींचने की कोशिश की। लडक़ी ने तुरंत पुलिस को फोन लगाया। मदद के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। बाद में उन्हें जमानत दे दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे में थे। इनमें से एक हरियाणा के बीजेपी चीफ सुभाष बराला का बेटा है।

ये भी पढ़ें - भगवान शिव को पाने के लिए युवती ने जान दी