सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान लॉन्च, दिव्यांग संग नजर आए अमिताभ

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 11 अगस्त 2017, 3:09 PM (IST)

नई दिल्ली। मूक-बधिर लोगों के लिए सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान का एक अनूठा वीडियो तैयार किया गया है। केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास राज्यमंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने इस वीडियो को लॉन्च किया है। तीन मिनट 35 सेकंड की अवधि के इस वीडियो में बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन ने 36 दिव्यांग बच्चों के साथ सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया है। वह अपने दोनों हाथों की मुद्राओं से राष्ट्रगान को पेश कर रहे हैं, जबकि पार्श्व में राष्ट्रगान की धुन बज रही है और गैर मूक बधिर बच्चे इसे गा रहे हैं।

इस वीडियो की परिकल्पना सतीश कपूर ने की है, जबकि निर्देशन मशहूर फिल्मकार गोविंद निहलानी ने किया है और संगीत आदेश श्रीवास्तव ने तैयार किया है। वी केयर फिल्म फेस्टिवल ने यूनेस्को के सहयोग से यह वीडियो बनाया है। विकास राज्यमंत्री महेंद्रनाथ पांडे ने कहा कि मूक-बधिरों के लिए सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान का वीडियो तैयार करना प्रसन्नता और गर्व की बात है और जब स्टार अमिताभ बच्चन ने स्वयं राष्ट्रगान को सांकेतिक भाषा में प्रदर्शित किया हो तो यह खुशी दोगुनी हो जाती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विकलांग लोगों को दिव्यांग नाम देकर उनके प्रति समाज के रवैये को हो बदल दिया है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे