अजमेर। सार्वजनिक निर्माण एवं परिवहन मंत्री यूनूस खान ने कहा कि राज्य सरकार राजस्थान में सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पूरी गम्भीरता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे चाहती हैं कि सडक़ दुर्घटना से होने वाली मौतों में कमी आए। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में ड्राइविंग स्किल इम्प्रूवमेंट इंस्टीट्यूट खोले जाएंगे। इसके साथ ही प्रशिक्षित वाहन चालक तैयार करने के लिए आने वाले दिनों में दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहन का लाइसेंस बनाने से पूर्व चालकों के लिए ड्राइविंग स्कूलों से प्रशिक्षण लेना अनिवार्य किया जाएगा।
मंत्री यूनूस खान ने शुक्रवार को अजमेर जिले के माखुपुरा में रोडवेज, आईएल एंड एफएस इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल तथा कैस्ट्रोल इंडिया द्वारा ट्रक ड्राइवरों को सडक़ सुरक्षा व वित्तीय साक्षरता प्रदान करने के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर सारथी मित्र का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सडक़ सुरक्षा की दिशा में गम्भीरता से प्रयास कर रही है। सडक़ों को सुरक्षित बनाने के लिए चालकों का नियमों का पालन करना एवं जनजाग्रति बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में प्रतिवर्ष हजारों लोग सडक़ दुर्घटनाओं में मारे जाते हैं। आज सबसे ज्वलंत मुद्दा कोई है तो वह सडक़ सुरक्षा का ही है। आमजन को इस मुद्दे के प्रति सबसे ज्यादा जागरूक होना चाहिए।
कार्यक्रम में रोडवेज के सीएमडी कुलदीप रांका ने कहा कि वाहन चालकों को प्रशिक्षण और वित्तीय साक्षरता का यह अनूठा प्रयोग निश्चित रूप से सभी के लिए प्रेरणादायी और सडक़ सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में प्रादेशिक परिवहन अधिकारी विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में वाहन चालक, अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद थे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे