राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण ने की एमजेएसए की तारीफ

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 31 जुलाई 2017, 2:56 PM (IST)

जयपुर। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण ने भोपाल, मध्यप्रदेश में 29-30 जुलाई को आयोजित हुए रीजनल कॉन्फ्रेंस ऑफ एन्वायरन्मेंट 2017 में लोकप्रिय मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान (एमजेएसए) कार्यक्रम के लिए राजस्थान सरकार के प्रयासों की सराहना की है। 30 जुलाई 2017 को जारी किए गए भोपाल घोषणा पत्र में, एमजेएसए की प्रशंसा करते हुए इसे पर्यावरण एवं जल संरक्षण की दिशा में राजस्थान सरकार द्वारा की गई एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया है।

मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान राज्य को जल आत्म निर्भर बनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है, जो आमजन की सहभागिता (नकद, उपकरण एवं श्रमदान के माध्यम से) से तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस कार्यक्रम में राज्य के 9 विभाग, आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए उपयोगी एवं टिकाऊ जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण के साथ ही ऎतिहासिक जल स्रोतों का पुनरूद्धार भी कर रहे हैं। इस अभियान में जल स्रोतों के नजदीक बड़े पैमाने पर पौधारोपण भी किया जा रहा है।

घोषणा में आगे कहा गया है कि ‘‘इस अभियान से प्रेरणा लेकर इसी तरह के कार्यक्रम अन्य राज्यों को भी चलाने चाहिए ताकि प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के साथ ही नए जल स्रोतों का निर्माण भी हो सके।’’

एमजेएसए राजस्थान सरकार का फ्लैगशिप कार्यक्रम है, जिसका दूसरा चरण प्रारंभ किया जा चुका है। इस अभियान के पहले चरण में 1300 करोड़ की लागत से 3 हजार 500 गांवों में 95 हजार से ज्यादा जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया जा चुका है। दूसरे चरण में 4 हजार 200 गांवों में 1800 करोड़ रुपये के व्यय से 1.38 लाख जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दूसरे चरण में गावों के साथ-साथ शहरों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है और राज्य के 66 कस्बों में 1393 जल स्रोतों पर एमजेएसए के तहत काम किया जा रहा है। इस फेज में 60 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

पहली बार, पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार ने पायलट आधार पर दक्षिणी राजस्थान के बांसवाड़ा में एमजेएसए को नेशनल एडेप्टेशन फंड फॉर क्लाइमेट चेंज से निधि देने के लिए अपनी सहमति दी है। ग्रीन क्लाइमेट फंड से इस कार्यक्रम के भविष्य के चरणों हेतु सहमति प्राप्त करने के लिए मंत्रालय के साथ चर्चा चल रही है।

इससे पहले मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश और मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ ने कार्यशाला का उद्घाटन किया। राजस्थान नदी बेसिन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीराम वेदिरे ने भोपाल में आयोजित वर्कशॉप में एक विस्तृत प्रस्तुति की, जिसमें देश के बेहतरीन कानूनविद्, पर्यावरणविद, वनकर्मी, प्रशासक और राजनीतिज्ञ उपस्थित थे।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे