धौलपुर। स्कूल से घर लौट रहे दो भाइयों का बाइक सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। दोनों भाइयों की सूझबूझ और बहादुरी से वे बदमाशों से मुक्त हो गए। छोटे भाई ने बदमाश के हाथ पर काट खाया और दोनों भाई चकमा देकर छूट भागे।
मामला धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना इलाके का है। यहां गांव कुर्रेंदा के सीनियर सैकेंडरी स्कूल से फीस लेने को घर लौट रहे मठ महुआखेड़ा के दो सगे भाइयों का बाइक सवार दो बदमाशों ने अपहरण कर लिया। तभी छोटे भाई बादल गिरि को होश आने और खुद को अनजान जगह पर पाकर उसने बाइक सवार को जोर से काट खाया। जिससे बाइक असंतुलित होकर गिटिट्यों पर गिर गई। बाइक गिरते ही दोनों भाई होश में आए और भागकर लोगों के बीच पहुंच गए। बच्चों को इस तरह भागता देख वहां मौजूद ग्रामीणों ने युवकों को पकड़ने के लिए पीछा किया तो दोनों युवक बाइक लेकर भाग निकले।
बाद में परिजन बाइक से बोकौली मोड़ पहुंचे। गांव मठ महुआखेड़ा निवासी छात्र पंकज गिरि और बादल गिरि पुत्रगण महेंद्र गिरी पास के ही गांव कुर्रेंदा के सीनीयर सैकेंडरी स्कूल की कक्षा 6 और 9 वीं में पढ़ते हैं। दोनों बच्चे स्कूल फीस की राशि लेने घर आ रहे थे। तभी उन्होंने दो बाइक सवारों से लिफ्ट मांगी। बाइक सवारों ने बाइक रोककर दोनों को बीच में बैठा लिया।
बच्चों ने बताया कि बाइक पर बैठने के बाद उनको होश नहीं रहा और जब होश आया तो उन्होंने खुद को बोकौली मोड़ के पास पाया। छात्रों ने बताया कि दोनों युवक प्लेटिना बाइक पर थे और दोनों के चेहरों पर नकाब बंधा था। बादल गिरी ने बाइक सवार के हाथ को पीछे से काट खाया। इससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई। बाइक गिरते ही बड़े भाई को भी होश आ गया। दोनों भाई मोड़ के पास खड़े लोगों की तरफ भागे और दोनों ने अपनी आपबीती लोगों को सुनाई तो लोगों ने बाइक सवार युवकों को पकड़ने का प्रयास भी किया,लेकिन दोनों भाग निकले।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे