जयपुर। शहर में मंगलवार को सिंजारा महोत्सव मनाया जाएगा। आज के दिन नवविवाहिता के घर ससुराल पक्ष की तरफ से घेवर के साथ कई प्रकार की मिठाइयां, फल-फ्रूट आदि भेजे जाएंगे। साथ ही लड़की के लिए नए कपडे़ आैर श्रृंगार का सामान भी भेजा जाएगा। इस पर्व को मनाने की प्रक्रियाएं दो दिन पहले ही शुरू हो जाती हैं। महिलाएं एक दिन पहले ही अपने हाथ-पैरों पर मेहंदी लगाकर श्रृंगार करती हैं। इसके अगले दिन यानी बुधवार को तीज का पर्व मनाया जाएगा। यह पर्व माता पार्वती और शिव के मिलन की याद में मनाया जाता है। बुधवार को हरियाली तीज पर्व मनाया जाएगा। इस दिन जयपुर में तीज माता की सवारी निकलेगी। इस दिन महिलाएं राजस्थानी लिबास लहरिया की ओढ़नी पहनेंगी।
मंगलवार शाम 6:30 बजे से पौंड्रिक उद्यान में लहरिया फैशन शो का आयोजन किया जाएगा कार्यक्रम नगर निगम जयपुर की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले शाम 5 से 7 बजे तक फ्री मेकअप, फ्री नेल आर्ट और मेहंदी
लगाने के लिए खास प्वॉइंट बनाए जाएंगे। यहां हर कोई अपना मेकअप, नेल आर्ट
और मेहंदी लगवा सकता है।
26 जुलाई को तालकटोरा की पाल पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राजस्थानी कला और संस्कृति जीवंत हो उठेगी। इन कार्यक्रमों में राजस्थानी नृत्य घूमर, कालबेलिया, चरी नृत्य, अग्नि नृत्य और राजस्थानी गीत धरती धोरां री विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस दौरान तालकटोरा पर खास शैडो लाइटिंग से तालकटोरा का पानी और दीवारें चमक उठेंगी। तालकटोरा में नगर निगम जयपुर द्वारा विशेष रूप से नैकलेस डिजाइन में स्थाई लाइटिंग तैयार की गई है, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
तालकटोरा में होगी बोटिंग
कार्यक्रम के दौरान तालकटोरा में नावें चलेंगी, जिन पर कलाकार राजस्थानी लोकनृत्य करते नजर आएंगी। नावों को विशेष रूप से सजाया जाएगा। पूरा कार्यक्रम लहरिया थीम पर डिजाइन किया गया है। पौंड्रिक पार्क और तालकटोरा पर डेकोरेशन भी लहरिया थीम पर की जाएगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे