सुरक्षा बलों को देख भाग छूटे नक्सली, भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 24 जुलाई 2017, 10:14 PM (IST)

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा में सोमवार को भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। क्षेत्र में सुरक्षा बलों की मौजूदगी की सूचना पर नक्सली सामग्री छोडक़र भाग गए। गश्त पर निकली सुकमा जिला पुलिस बल और एसटीएफ की संयुक्त पार्टी को ग्राम खुंदूसपारा के जंगल में चाइनीज बम, देशी बम, ऐरो बम सहित अन्य सामाग्री मिली है।

बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने बताया, ‘‘21 जुलाई को जिला पुलिस बल और एसटीएफ की संयुक्त पार्टी केरलापाल से गोगुंडा के लिए गश्त पर निकली थी। सूचना थी कि इस इलाके में केरलापाल एरिया कमेटी के नक्सलियों ने कैंप बना रखा है। वहीं दंतेवाड़ा से भी फोर्स निकली थी, लेकिन वो वापस लौट गई।’’

सोमवार को संयुक्त पार्टी चिंतागुफा क्षेत्रांतर्गत गोगुंडा एरिया के रावपारा, खुंदूसपारा के पास जंगल में पहुंची तो रास्ता दिखाई दिया। उस रास्ते में आगे बढऩे पर छोटी सी लाडी मिली, जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। अहम दस्तावेज भी मिले, जिसमें केरलापाल एरिया कमेटी की कहीं अहम जानकारी हाथ लगी है। पास में ही स्थित कैंप को ध्वस्त किया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

फोर्स की जानकारी मिलते ही वहां से नक्सली भाग गए थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर भी मौजूद थे। टीम ने मौके से दो भरमार बंदूक, आठ देशी ग्रेनेड, 13 तीर बम, 1,200 डेटोनेटर, विस्फोटक सामग्री चार किलो, दो रेडियो, कैमरा फ्लेश, काली वर्दी, पोच, कोडेक्स वायर तान बंडल सहित नक्सली पत्रिकाएं जब्त की गई हैं।

ये भी पढ़ें - भगवान शिव को पाने के लिए युवती ने जान दी