एप्पल बढ़ाएगी भारत में ट्रेनों की रफ्तार, 600 किलोमीटर प्रति घंटा होगी स्पीड

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 21 जुलाई 2017, 10:12 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे अपने यात्रियों का विशेष ध्यान रखती है और उनकी सुरक्षा को लेकर भी काफी प्रयासरत है। ऐसे में रेलवे ट्रेनों की गति बढ़ाने को लेकर भी लगातार प्रयासरत है। केंद्र सरकार की अब रेलगाडिय़ों की गति बढ़ाकर 600 किलोमीटर प्रति घंटा करने पर नजर है और इसके लिए वह एप्पल जैसी वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने उद्योग मंडल एसोचैम के एक कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को यह बात कहीं।

रेल मंत्री ने कहा कि नीति आयोग ने दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-कोलकाता मार्गों पर गतिमान एक्सप्रेस की स्पीड बढ़ाने के लिए 18,000 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस मंजूरी के साथ गतिमान एक्सप्रेस की रफ्तार बढक़र 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक हो जाएगी। सुरेश प्रभु ने कहा कि आप खुद से इसकी कल्पना कर सकते हैं कि इससे यात्रा समय में कितनी बचत होगी। सरकार ने छह-आठ महीने पहले ट्रेनों की गति 600 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक करने की दिशा में काम करने के लिये बड़े प्रौद्योगिकी कंपनियों को बुलाया था।

रेल मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार एप्पल जैसी कंपनियों के साथ पहले से बातचीत कर रही है। देश में प्रौद्योगिकी का आयात नहीं किया जाएगा बल्कि उसका यहां विकास किया जाएगा। सुरक्षा भी महत्वपूर्ण चिंता का विषय है और भारतीय रेलवे ऐसे डिब्बों के उपयोग की योजना बना रहा है जो अल्ट्रासोनिक प्रौद्योगिकी के जरिये रेल में टूट-फूट का पता लगा सके। भारतीय रेल ने अभी हाल ही में रेल क्लाउड सर्वर, रेल सारथी एप की शुरुआत की है और ईआरपी विकसित करने का काम भी चल रहा है।

भातरीय रेलवे में साइबर सुरक्षा शीर्ष प्राथमिकता

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

वहीं, रेल मंत्री ने भारतीय रेल में साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गोलमेज सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि भारतीय रेल सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने के लिए ऑडिट आयोजित करती है और साइबर सुरक्षा एक शीर्ष प्राथमिकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा उपायों को सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग में स्वीकार्य मानकों के अनुसार लागू किया जाना चाहिए। साइबर हमले से सुरक्षा के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रतिक्रियाओं का सृजन किया जाएगा। कार्य के बढ़ते डिजीटल मोड में ऐसे अनेक अनुप्रयोग हैं, जिन पर मोबाइल फोन जैसे व्यक्तिगत उपकरणों के माध्यम से पहुंच स्थापित की जा सकती है। ऐसे अनुप्रयोगों की सुरक्षा को मजबूत बनाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, भारतीय रेलवे की डिजिटल संपत्तियों की महत्वपूर्ण रक्षा के लिए तैयारी पूरी तत्परता से होनी चाहिए। इसके लिए अनुप्रयोगों का डिजाइन इतना मजबूत होना चाहिए कि इसकी योग्यता उन्नत हमलों का बड़ी निपुणता से सामना कर सके। इस तैयारी से सूचना प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग रेलवे में हमला करने वालों को तेजी से पकडऩे के लिए गोपनीय रूप से उपयोग किए जा सकते हैं और इससे अतिक्रमण को तबाही में बदलने से रोका जा सकता है।

ये भी पढ़ें - इस पानी को पीओगे तो उतर जाएगा जहर