छात्र नेता से लेकर उपराष्ट्रपति उम्मीदवार तक, कुछ ऐसा रहा नायडू का सफर

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 जुलाई 2017, 8:06 PM (IST)

नई दिल्ली। बीजेपी ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया। उपराष्ट्रपति पद के लिए नायडू का मुकाबला विपक्ष के उम्मीदवार गोपालकृष्ण गांधी से होगा। लेकिन, क्या आपको पता है कि राजनीति में नायडू की भूमिका कैसी रही है। अमित शाह ने नायडू को मोदी सरकार का सफल मंत्री करार दिया, जिनके पास शहरी विकास तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय हैं। आंध्र प्रदेश में नेल्लोर जिले के चावटपलेम में 1 जुलाई 1949 को वेंकैया नायडू का जन्म हुआ। नायडू 40 साल से राजनीति में सक्रिय है। वे 2002 से 2004 तक भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वे भारत सरकार के अंतर्गत शहरी विकास, आवास तथा शहरी गरीबी उन्मूलन तथा संसदीय कार्य मंत्री हैं।

इससे पहले, वे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री रह चुके हैं। नायडू की पहचान हमेशा एक आंदोलनकारी के रूप में रही है। वे 1972 में जय आंध्र आंदोलन के दौरान पहली बार सुर्खियों में आए। उन्होंने इस दौरान नेल्लोर के आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लेते हुये विजयवाड़ा से आंदोलन का नेतृत्व किया। छात्र जीवन में उन्होने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विचारधारा से प्रभावित होकर आपातकालीन संघर्ष में हिस्सा लिया। वे आपातकाल के विरोध में सडक़ों पर उतर आए और उन्हें जेल भी जाना पड़ा। आपातकाल के बाद वे 1977 से 1980 तक जनता पार्टी के युवा शाखा के अध्यक्ष रहे। वर्ष 2002 से 2004 तक उन्होने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का उतरदायित्व निभाया।

कॉलेज के दिनों से ही राजनीति में सक्रिय

नायउू ने वी.आर. हाई स्कूल, नेल्लोर से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और वी.आर. कॉलेज से राजनीति तथा राजनयिक अध्ययन में स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने आन्ध्र विश्वविद्यालय, विशाखापत्तनम से कानून में स्नातक की डिग्री हासिल की। 1974 में वे आंध्र विश्वविद्यालय में छात्र संघ के अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुये। कुछ दिनों तक वे आंध्र प्रदेश के छात्र संगठन समिति के संयोजक भी रहे।

राजनीतिक जीवन

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

-1973-1974 : अध्यक्ष, छात्र संघ, आंध्र विश्वविद्यालय।
-1974 : संयोजक, लोक नायक जय प्रकाश नारायण युवजन चतरा संघर्ष समिति, आंध्र प्रदेश।
-1977-1980 : अध्यक्ष, जनता पार्टी की युवा शाखा, आंध्र प्रदेश।
-1978-85 : सदस्य, विधान सभा, आंध्र प्रदेश (दो बार)।
-1980-1985 : नेता, आंध्र प्रदेश भाजपा विधायक दल।
-1985-1988 : महासचिव, आंध्र प्रदेश राज्य भाजपा
-1988-1993 : अध्यक्ष, आंध्र प्रदेश राज्य भाजपा।
-1993 - सितंबर, 2000 : राष्ट्रीय महासचिव, भारतीय जनता पार्टी, सचिव, भाजपा संसदीय बोर्ड, सचिव, भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति, भाजपा के प्रवक्ता।
-1998 के बाद : सदस्य, कर्नाटक से राज्यसभा (तीन बार)।
-1 जुलाई 2002 से 30 सितंबर 2000 : भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री।
-5 अक्टूबर 2004 से 1 जुलाई 2002 : राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी।
-अप्रैल 2005 के बाद : राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी।
-26 मई 2014 से अब तक : शहरी विकास और संसदीय मामलों के केंद्रीय मंत्री।

ये भी पढ़ें - यहां पकौडे और चटनी के नाम रामायण के किरदारों पर