कारगिल हीरो ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर भी उतरे सियासी जमीन पर

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 16 जुलाई 2017, 4:49 PM (IST)

पधर, मंडी। कांग्रेस के गढ़ रहे द्रंग चुनाव क्षेत्र में भाजपा इस बार सर्जिकल सट्राइक के मूड में है। भाजपा की ओर से कारगिल हीरो ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर भी सियासी जमीन पर उतर कर जनता की नब्ज टटोल रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने द्रंग के इलाके स्नोर, बदार और उतरशाल के बाद चौहारघाटी में जनसम्पर्क अभियान चलाकर जनता की राय ली।

खुशहाल ठाकुर ने द्रंग चुनाव क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा किया। उन्होंने द्रंग के दुर्गम क्षेत्र के चौहारघाटी में देव हुरंग काली नारायण के मंदिर में माथा टेका। खुशहाल ठाकुर ने जनसम्पर्क अभियान के दौरान चौहारघाटी के बुलंग, धरमेहड़, घघटयाण, काम्पणा, धनगयान, धुनाण, करसेहड़, टिकर, सुधार, आलंग और स्वाड़ में आम जनता से मुलाकात की और लोगों को केंन्द्र की मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान भाजपा नेता ने लोगों की समस्याओं को सुना और समस्याओं के निराकरण के लिए विचार विमर्श किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे