अकाली-कांग्रेसी कार्यकर्ता भिड़े, तेजाब की बोतलें फैंकी, कई झुलसे

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 15 जुलाई 2017, 5:25 PM (IST)

अमृतसर। चुनावी रंजिश को लेकर शनिवार को गांव पंडोरी वडैच में अकाली दल और कांग्रेसी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से तेजाब की बोतलों का जमकर उपयोग हुआ। इसमें दोनों पक्षों के कार्यकर्ता झुलस गए।
गांव पंडोरी वडैच में चुनावी रंजिश को लेकर अकाली और कांग्रेस वर्कर आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों तरफ से तेजाब की बोतलें फैंकी गई।
सूचना मिलने पर थाना कंबो पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लेकर अकाली और कांग्रेस दोनों ही पार्टी के वर्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

अकाली कार्यकर्ता रछपाल सिंह ने बताया कि वह परिवार के पालन-पोषण के लिए दूध की डेयरी चलाता है। गत दिवस वह अपनी डेयरी पर बैठा था। इसी दौरान आरोपी सुखबीर सिंह अपने साथी बिक्रमजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, गेंदा, रघु, नारी, हरविंदर सिंह और राजबीर सिंह को साथ लेकर आया। आरोपी उसके साथ चुनावी रंजिश रखता है। आरोपी ने आते ही हाथ में पकड़ी तेजाब की बोतल उसके पेट और बाजू पर डाल दी जिससे वह बुरी तरह झुलस गया और जमीन पर गिर गया। आरोपी के साथी भी मौके पर पहुंच गए।

इतनी देर में उनका भाई बलजिंदर सिंह बचाव में आया तो आरोपियों ने उसे भी पकड़ लिया और तेजाब डाल दिया। इससे भाई भी बुरी तरह से झुलस गया और जमीन पर गिर कर तड़पने लगा। इसके बाद भी आरोपियों ने हथियारों के साथ उन पर वार करने शुरू कर दिए और बुरी तरह से मारपीट की गई। झगड़ा होते देख आस-पास के लोग इकट्ठे हो गए और आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठ कर धमकियां देते हुए फरार हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया और जान बच सकी। रछपाल सिंह ने बताया कि आरोपी सुखबीर का ताया कांग्रेस पार्टी की ओर से गांव का पूर्व सरपंच था। चुनावों के दौरान ही आरोपी रंजिश रखने लग पड़े थे। अब सरकार बदलने पर आरोपियों ने हमला कर दिया।

मामले में रछपाल सिंह और उसके साथियों के खिलाफ भी पुलिस ने क्रास केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी सब-इंस्पैक्टर रणधीर सिंह ने बताया कि रछपाल और उसके साथियों ने भी तेजाब से हमला किया था। इसमें सुखबीर सिंह के भी दो साथी बुरी तरह से झुलस गए थे। इसके चलते इनके खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। इतना ही नहीं रछपाल और उसके साथियों ने भी झगड़े के दौरान राइफल से गोलियां चलाई थी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे