सड़क हादसे में दो की मौत , भीड़ ने लगाया जाम

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 13 जुलाई 2017, 10:26 PM (IST)

नूंह। दिल्ली - अलवर राजमार्ग पर स्थित राजाका मोड़ के समीप तेज रफ़्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक पर सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने दिल्ली - अलवर राजमार्ग को जाम कर दिया और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की। नगीना पुलिस ने आला अधिकारियों से बातचीत करने के बाद भीड़ को स्पीड ब्रेकर जल्द लगवाने का भरोसा दिलाया। उसके बाद ही जनता का गुस्सा शांत हो पाया। करीब आधा घंटा मुख्य मार्ग जाम होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक दोपहर के समय वसीम पुत्र उमर मोहमद निवासी नगीना और अकरम पुत्र अताउल्ला निवासी गुलेसरा राजस्थान बाइक पर राजाका मोड़ के पास मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। उसी दौरान हाइवा नंबर एच आर 38 टी - 9706 तेज रफ़्तार से गुजर रहा था। जिसकी चपेट में बाइक सवार उपरोक्त दोनों युवक आ गए। हादसा इतना भयानक था , कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जब तक नगीना पुलिस मौके पर पहुंची , तो भीड़ ने सड़क जाम कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिए। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर , उसकी तलाश शुरू कर दी है। नगीना थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे