विश्व लीग सेमीफाइनल : अमेरिका से हारी भारतीय महिला टीम

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 11 जुलाई 2017, 12:48 PM (IST)

जोहानसबर्ग। महिला हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल के पूल बी के मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा। उसे अमेरिका ने 4-1 से हरा दिया। भारत ने अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गोलरहित ड्रा खेला था। सोमवार को खेले गए मैच के पहले क्वार्टर में अमेरिका ने भारतीय गोलकीपर सविता की खूब परीक्षा ली। अमेरिका को दूसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन सविता ने इसका बचाव कर लिया।

भारत ने जवाबी हमला बोला और उसे पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। हालांकि दीप ग्रेस इक्का इसे भुना नहीं पाईं। इसके तुरंत बाद कप्तान रानी रामपाल और वंदना कटारिया ने शानदार मूव बनाया लेकिन इस बार भी सफलता नहीं मिली। जब पहला क्वार्टर खत्म होने में दो मिनट बचे थे तो अमेरिका को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस बार फिर सविता दीवार बन गईं।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

दूसरे क्वार्टर में 22वें मिनट में भारत को दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन रानी के बेहतरीन प्रयास के बावजूद मोनिका गेंद को ट्रैप नहीं कर सकी। पहला गोल 24वें मिनट में जिल विटमेर की स्टिक से निकला। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों को पेनल्टी कॉर्नर मिले। भारत की ओर से 38वें मिनट में मोनिका के पास पर लिलिमा मिंज ने बराबरी का गोल दागा।

अमेरिका की ओर से दूसरा गोल 40वें मिनट में टेलर वेस्ट ने दागा। विटमेर ने 43वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। इसके छह मिनट बाद मिशेल विटेसे ने स्कोर 4-1 कर दिया। उल्लेखनीय है कि इन दिनों हॉकी मुकाबलों में 15-15 मिनट के चार क्वार्टर होते हैं।

ये भी पढ़ें - शतक लगा दूसरे स्थान पर आ सकते हैं विराट कोहली, ये हैं टॉप-10