प्रत्यर्पण से बचने के लिए माल्या बोले, भारतीय जेलों की हालत खस्ता

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 08 जुलाई 2017, 12:22 PM (IST)

नई दिल्ली। देश के नौ हजार करोड की चपत लगाकर भागने वाले शराब कारोबारी विजय माल्या के प्रत्यपर्ण को लेकर ब्रिटिश कोर्ट में सुनवाई चल रही है। लंदन के वेस्टमिंस्टर कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान माल्या के वकील ने भारतीय जेलों की बुरी स्थिति की बात कही। एक अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटिश कोर्ट में सुनवाई के दौरान माल्या के पक्षकार ने कहा कि प्रत्यर्पण को चुनौती देने के लिहाज से भारत की जेलों की बुरी हालत भी एक महत्वपूर्ण बिंदु है। आपको बता कि भारत सरकार को भी लग रहा है कि विजय माल्या जेलों की अच्छी स्थिति नहीं होने का मामला आगे भी जोर-शोर से उठा सकता है।

इसी के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय के सचिव राजीव महर्षि ने 23 जून को महाराष्ट्र के मुख्य सचिव सुमित म्युलिक को पत्र लिखकर राज्य में जेलों की स्थिति को लेकर कुछ पूछताछ की। भारत को इस बात की उम्मीद है कि माल्या इस मु्द्दे फिर से उठा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, माल्या को मुंबई के ऑर्थर रोड जेल में रखा जाएगा।

महाराष्ट्र सरकार के एक अधिकारी ने बताया है कि माल्या इंग्लैंड से भारत अपना प्रत्यर्पण रुकवाने के लिए कई तर्कों का सहारा ला रहा है। मुंबई का प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) माल्या के कई घोटालों की जांच करना चाहता है। अगर सरकार उसे भारत ला पाने में कामयाब रहता है तो उन्हें आर्थर रोड जेल में रखा जाएगा क्योंकि उन्हें कड़ी सुरक्षा की जरूरत होगी। हम नहीं चाहते कि जेलों की स्थिति की वजह से उनका प्रत्यर्पण टल जाए। इसलिए, हमने केंद्र सरकार को तुरंत जवाब दे दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इसके अलावा इस अधिकारी ने बताया कि मुंबई में जेलों की सुरक्षा और यहां पर कैदियों को दी जाने वाली सुविधाएं शानदार है। यहां की जेलों में कभी भी किसी प्रकार के बुनियादी मानवाधिकार का उल्लंघन नहीं हुआ है। हाल ही में वरिष्ठ जेल अधीक्षक (सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ जेल) के पद से रिटायर हुए विजय बेंद्रे ने कहा, मुंबई में हमारे पास पीटर मुखर्जी और छगन भुजबल जैसे बेहद हाई प्रोफाइल विचाराधीन कैदी हैं। एक और बड़े बिल्डर को भी यहीं रखा गया है। उन्होंने कहा, 2009-2010 तक महाराष्ट्र में सर्वोत्तम व्यवस्था वाले जेल थे। अब भी हमारे जेल ऐसे बड़े रुतबे वाले कैदियों को रखने के लिहाज से बिल्कुल अच्छे हैं।

आपको बता दें कि माल्या के भारत प्रत्यर्पण को लेकर दो हफ्तों की सुनवाई की तारीख तय हो चुकी है। लंदन के वेंस्टमिंस्टर मैजिस्ट्रेट्स कोर्ट को बताया जा चुका है कि भारत सरकार ने इससे जुड़े सारे साक्ष्य उपलब्ध करवा दिए हैं। इसी बिना पर कोर्ट ने मुकदमे की सुनवाई की तारीख 4 दिसंबर तय कर दी। तब तक माल्या को सशर्त जमानत मिली हुई है। उनकी अगली केस मैनेजमेंट हियरिंग 14 सितंबर को होगी।

ये भी पढ़ें - यहां अंतिम विश्राम के लिए भी नहीं मिलती जगह