गैंगरेप के बाद पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट, छात्रा ने कर ली आत्महत्या

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 जुलाई 2017, 6:40 PM (IST)

अमरीष मनीष शुक्ला, इलाहाबाद। संगम नगरी में आठवीं की छात्रा से चार युवकों ने गैंगरेप किया । शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में भी लिया। लेकिन मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जहमत नहीं उठा सकी। नतीजतन पुलिसिया शिथिलता से आहत छात्रा ने आत्महत्या कर ली। छात्रा की मौत ने जिला महकमे में भूचाल ला दिया है। थानेदार जहां तहरीर न मिलने की सफाई दे रहे है। वहीं एसपी ने थानेदार के विरूद्ध जांच के आदेश दिये है। जबकि परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है ।
हालांकि बवाल बढ़ता देख पुलिस हरकत में आई। अब अब गैंगरेप और आत्महत्या के लिये मजबूर करने का मुकदमा दर्ज किया है। लेकिन तब जब छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजना हुआ ।

इलाहाबाद के फूलपुर अगरा पट्टी निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी कक्षा आठ की छात्रा थी। मंगलवार रात वह दुकान वाले कमरे में सो रही थी। आधी रात को पड़ोस में मोबाइल की दुकान चलाने वाले दयाराम अपने दोस्त चंद्रजीत, महानंद यादव, अमित कुमार के साथ पहुंचा और बेटी का मुंह बंद कर उठा ले गये।


लगभग 12 बजे मेरी नींद खुली तो बेटी बिस्तर पर नहीं थी। दुकान के बाहर निकला तो दयाराम की मोबाइल शॉप में लाइट जल रही थी। आशंका हुई तो शटर के पास गया। जहां बेटी खुद को बचाने के लिये चीख रही थी। मैने शटर पीटा पर वह अंदर से बंद था। मैंने डायल 100 फोन किया और पुलिस पहुंचने के बाद पुलिस ने शटर खोला। तो अंदर बेटी बेहोश पड़ी थी । पुलिस ने दयाराम समेत तीन युवक को पकड़ लिया। लेकिन चौथा महानंद यादव भाग गया। बेटी ने होश में आने पर आपबीती सुनाई। अगर कुछ पल पुलिस देरी करती तो शायद पायल की जान भी न बचती।
जहर खाकर दे दी जान

पिता ने बताया कि वह बदनामी और पुलिस कार्रवाई न होने से आहत थी। पुलिस ने मामले में कुछ सफेदपोश दबाव के चलते कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की शिथिलता से आहत छात्रा एक दिन तो गुमसुम रही। लेकिन अगला ही दिन उसने आत्मघाती कदम उठा लिया और जहर निगल लिया।अस्पताल में लेकर जब बेटी को पहुंचे तो उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है।

फूलपुर थाना प्रभारी पुष्कर प्रताप सिंह ने मामले में सफाई देते हुये कहा कि पिता ने अर्जी नहीं दी तो रिपोर्ट कैसे दर्ज की जाती।

फिलहाल दयाराम, महानंद, चंद्रजीत निवासी गांव सराय चौहान थाना मुंगरा बादशाहपुर व अमित निवासी ईश्वरपुर थाना सरायममरेज के विरूद्ध रेप और आत्महत्या के लिये विवश करने की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। तीन आरोपी हिरासत में है। चौथा भी गिरफ्तार किया जायेगा।


एसपी गंगापार सुनील सिंह ने कहा कि गैंगरेप के बाद आत्महत्या का मामला गंभीर है। इसकी जांच कराई जाएगी। अगर पुलिस ने सामूहिक बलात्कार की एफआईआर लिखने में लापरवाही की है तो कार्रवाई होगी। सीओ को इसकी जांच सौंपी गई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे