कोविंद ने हरियाणा, पंजाब के विधायकों से मुलाकात की

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 30 जून 2017, 11:18 AM (IST)

चंडीगढ़ । अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद गुरुवार को हरियाणा और पंजाब के विधायकों का समर्थन जुटाने के लिए यहां पहुंचे। कोविंद चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से हरियाणा के पंचकूला पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों से मुलाकात की।

विपक्षी इंडिय नेशनल लोक दल (इनेलो) ने गुरुवार को राष्ट्रपति चुनाव में कोविंद को अपना समर्थन देने की घोषणा की। कोविंद ने इनेलो के नेताओं व विधायकों से पंचकूला में मुलाकात की।

हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा के 47 विधायक हैं। वहीं, इनेलो के 19 और कांग्रेस के 17 विधायक हैं, जबकि पांच निर्दलीय और अकाली दल तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक-एक विधायक हैं।

राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन के लिए कोविंद ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल तथा शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की।

पंजाब विधानसभा में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के कुल विधायकों की संख्या 18 है।

पंजाब में मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस के 117 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 77 विधायक हैं।

पंजाब विधानसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के जहां 20 विधायक हैं, वहीं इसकी सहयोगी लोक इंसाफ पार्टी के दो विधायक हैं।

देश में 17 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में कोविंद का मुकाबला विपक्षी दलों की साझा उम्मीदवार मीरा कुमार से होगा।

मीरा कुमार को कांग्रेस सहित 17 विपक्षी दलों का समर्थन हासिल है।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे