धर्मशाला। इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया तय है। बीजेपी सरकार बनने के बाद प्रदेश के एक, दो या तीन शहर नहीं बल्कि पूरा हिमाचल स्मार्ट स्टेट बनाया जाएगा। वीरभद्र सरकार ने कर्मचारियों को ठगा, पेंशनरों को ठगा किसानों तथा बागवानों के साथ धोखा किया तथा विद्यार्थियों के भविष्य से भी खिलवाड़ किया। यह शब्द पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शाहपुर पहुंची बीजेपी की परिवर्तन रथ यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा में कहे। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वह कांग्रेस को उखाड़कर बीजेपी को काबिज करने में अपनी अहम भूमिका निभाएं, ताकि मोदी के सपनों का हिमाचल बनाया जा सके। धूमल ने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन निश्चित है तथा बीजेपी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। इस परिवर्तन रथ यात्रा से प्रदेश भर की जनता में एक नए जोश का संचार हुआ है तथा जनता कांग्रेस को हटाकर बीजेपी को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने अपने साढ़े चार वर्षों के शासन में बदनामी, भ्रष्टाचार बेरोजगारी तथा निकम्मेपन के सिवा प्रदेशवासियों को कुछ नहीं दिया है। कांग्रेस सरकार बनते ही कांग्रेस का पतन शुरू हो गया था। सरकार बनने के कुछ समय बाद हुए लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने चारों लोकसभा की सीटें जीतीं, वहीं उसके बाद हुए दो उपचुनाव जीते तथा अब शिमला नगर निगम भी जीता तथा पहली बार राजधानी के नगर निगम पर कब्जा किया। सरकार बनते ही विद्यार्थियों को गुणात्मत शिक्षा देने के लिए रूसा प्रणाली को हटाया जाएगा।
जनसभा को परिवर्तन यात्रा के संयोजक पूर्व राज्यसभा सांसद कृपाल परमार तथा स्थानीय विधायक सरवीन चौधरी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष विशाल चौहान, प्रदेश भाजपा के सह मीडिया प्रभारी रोकश शर्मा प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हिमांशु मिश्रा, कांगड़ा जिला भाजपा अध्यक्ष संजय चौधरी, प्रदेश भाजपा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष उत्तम चौधरी सहीत कई नेता मौजूद थे।
ये भी पढ़ें - अजब गजबः यहां शिवलिंग पर हर साल गिरती है बिजली