जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान शनिवार को तीसरे दिन भाजपा प्रदेश कार्यालय जयपुर में प्रदेश की कोर कमेटी की बैठक हुई। कोर कमेटी की शुरुआत में सदस्यों ने ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय बूथ विस्तारक योजना’ में विस्तारक कार्यकर्ता को दिए जाने वाले किट का लोकार्पण किया। इस किट में विस्तारकों को डायरी, रजिस्टर, पेन, कार्ड, स्टीकर, केन्द्र एवं राज्य सरकारों की विस्तृत जानकारी आदि सामग्री दी जाएगी।
प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि कोर कमेटी में 21, 22 एवं 23 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के तीन दिन के दौरे के संबंध में भी चर्चा हुई। कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने राजस्थान में हो रहे संगठनात्मक कार्यों की प्रशंसा कर सराहना की कि राजस्थान में सत्ता एवं संगठन में बेहतर तालमेल है।
बैठक में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, वी. सतीश, प्रदेश सह प्रभारी गोपाल शेट्टी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, गृह मंत्री गुलाबचन्द कटारिया, केन्द्रीय मंत्री सी.आर. चौधरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री राजेंद्र राठौड़ शामिल हुए।
इस मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि कोर कमेटी में संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए विभिन्न मुद्दों पर सभी सदस्यों में बातचीत हुई। मुख्य रूप से 25 जून को शुरू होने वाली ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय बूथ विस्तारक योजना’ पर विचार-विमर्श हुआ। प्रदेशभर से 47 हजार से अधिक कार्यकर्ता पहले चरण में 15 दिन के प्रवास पर रहेंगे। इसमें प्रत्येक विस्तारक को प्रथम चरण में 7 दिन एवं द्वितीय चरण में 8 दिन अपने-अपने स्थानों पर विस्तारक का कार्य करना है। विस्तारक योजना का महत्वपूर्ण उद्देश्य बूथ स्तर तक जाकर घर-घर में केन्द्र एवं राज्य सरकार की लाभदायक योजनाओं की जानकारी देना एवं बूथ को मजबूत करने की दिशा में होने वाले कार्यों को करना रहेगा। परनामी ने बताया कि विस्तारक योजना का मुख्य उद्देश्य बूथ को मजबूत करना है, साथ ही बूथ के हर घर और परिवार तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे