भारतीय स्टार जिम्नास्ट दीपा कर्माकर की वापसी का इंतजार बढा

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 22 जून 2017, 4:38 PM (IST)

नई दिल्ली। भारत की स्टार जिम्नास्ट दीपा कर्माकर अनफिट होने की वजह से अक्टूबर में कनाडा में होने वाली विश्व जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। दीपा का घुटने का ऑपरेशन हुआ था। दीपा ने पिछले साल रियो ओलंपिक में चौथा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया था। वे तब से ही किसी प्रतियोगिता में शिरकत नहीं कर पाई हैं।

23 साल की दीपा इस साल के शुरु में एशियाई चैंपियनशिप में भी नजर नहीं आई थीं। दीपा ने चोट के बारे में कहा कि आप कुछ नहीं कर सकते। एक खिलाड़ी के लिए यह निराशाजनक होता है लेकिन मैं इसे झटका नहीं मानूंगी। हालांकि यह बड़ी चुनौती है।

चूंकी अभी मैं किसी प्रतियोगिता में भाग नहीं ले रही हूं इसलिए इस समय का उपयोग फिटनेस पर काम करने और शिक्षा पूरी करने के लिए करूंगी। मैंने पिछले साल एमए की एक परीक्षा दी थी और अब मैं अन्य की तैयारी कर रही हूं। दीपा रियो में मामूली अंतर से कांस्य पदक से चूक गई थीं। वे ओलंपिक में भाग लेने वाली भारत की एकमात्र महिला जिम्नास्ट हैं।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

दीपा के कोच बिश्वेश्वर नंदी ने कहा कि वह विश्व चैंपियनशिप के लिए तैयार नहीं हो पाएंगी और इसलिए उनका ध्यान अगले साल होने वाले कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स पर है। मैं नहीं चाहता कि दीपा केवल भागीदारी के लिए विश्व चैंपियनशिप में जाएं। चोट से वापसी करना चुनौती होता है लेकिन इसके साथ ही आपको यह भी ध्यान रखना पड़ता है कि आप प्रतियोगिता के दौरान चोटिल हो सकते हो। रियो में एक भागीदार के साथ ऐसा हुआ था। जिम्नास्टिक खतरनाक खेल है।

ये भी पढ़ें - चैम्पियंस ट्रॉफी : फाइनल में ये रहे टीम इंडिया की हार के 5 कारण