कोटपूतली-भिवानी सडक़ को जल्द ही नेशनल हाईवे का दर्जा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 जून 2017, 8:46 PM (IST)

महेंद्रगढ़। हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि कोटपूतली से लेकर भिवानी को जाने वाली सडक़ को जल्द ही नेशनल हाईवे का दर्जा दे दिया जाएगा। इसके निर्माण के लिए सरकार से राशि मंजूर हो गई है।
शर्मा आज महेंद्रगढ़ में जनसमस्याएं सुनने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जोड़ी ने देश एवं प्रदेश में विकास की कोई कसर नहीं छोड़ी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, बिजली व पानी के क्षेत्र में हरियाणा सरकार ने मात्र ढ़ाई साल में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार, संस्कृति, योगा हिन्दुस्तान का पेटेंट है जिसे अन्य देशों के लोग अपना कर अपना जीवन खुशहाल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा केन्द्र व प्रदेश सरकार ने समूचे देश के साथ-साथ हरियाणा की सडक़ों को चौड़ा एवं मजबूत बनाने का कार्य किया है, जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में तो लोगों ने टूटी एवं जर्जर सडक़ों की बखूबी देखी थी। उन्होंने कहा कि कोटपुतली लिंक रोड से वाया रायमलिकपुर, नांगल चौधरी, नारनौल, महेन्द्रगढ़, दादरी, भिवानी सडक़ को जल्द ही नेशनल हाईवे का रूप दे दिया जाएगा। इसके निर्माण के लिए राशि मंजूर की गई है। उन्होंने कहा कि महेन्द्रगढ़ क्षेत्र की अधिकांश सडक़ों को चौड़ा एवं मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है जबकि कई सडक़ों एंव लिंक मार्गों को बनाने की सरकार द्वारा मंजूरी दी गई है तथा इनके निर्माण का कार्य भी जल्द ही शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सडक़ों के अलावा शिक्षा, बिजली व पेयजल हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार ने सार्थक प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा शिक्षा का हब बना है तथा महेन्द्रगढ़ ने शिक्षा के क्षेत्र में मिनी हब के रूप में ख्याति प्राप्त की है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि महेन्द्रगढ़ व सतनाली क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना ही मेरा मुख्य मकसद है और समूचे महेन्द्रगढ़ विधान सभा क्षेत्र को गुरूग्राम की तर्ज पर विकसित करने की मैंने ठानी है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष आयोजित विशाल प्रगति रैली महेन्द्रगढ़ में मैंने विकास की नई रूपरेखा तय की थी तथा मुख्यमंत्री से चौदह विकास परियोजनाओं का एक साथ शिलान्यास करवाया गया था। अब इन परियोजनाओं पर काम शुरू करवाया जाएगा

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे