भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों में है विज्ञान का समावेश : उमा भारती

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 16 जून 2017, 10:12 PM (IST)

कोटा। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों में विज्ञान का भी समावेश है। विद्यार्थी भारत के भविष्य हैं, भारतीय जीवन मूल्यों को आत्मसात कर सकारात्मकता के साथ आगे बढें।

जल संसाधन मंत्री शुक्रवार को यूआईटी ऑडिटोरियम में ‘विद्यार्थी जीवन में भारतीय मूल्यों का योगदान’ विषय पर आयोजित सेमीनार में विभिन्न कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति पुरातन है। हिन्दू संस्कृति एक जीवन शैली है, जिसमें विज्ञान का भी समावेश है। वरिष्ठजनों का सम्मान एवं युवाओं को आगे बढऩे की प्रेरणा भारतीय संस्कृति की देन है। भारतीय संस्कृति में पर्यावरण से प्रेम के अनेक उदाहरण सामने हैं। जीव-जंतु, वनस्पति का संरक्षण ही नहीं, बल्कि पूजा की परंपरा रही है। विद्यार्थी भारतीय मूल्यों को आत्मसात कर आगे बढें तो निश्चित रूप से वसुधैव कुटुंबकम की अवधारणा को हम विश्व के सामने साबित कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने भारतीय राजनीति को आत्मसात करते हुए देश में ‘सबका साथ-सबका विकास’ को साकार करने का कार्य किया है। विश्वभर में भारत का मान बढ़ा है।
सेमीनार में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर सवाल कर अपनी जिज्ञासा जानी। उन्होंने विद्यार्थियों को उर्जावान रहने के लिए बड़ों का सम्मान कर सकारात्मक सोच के साथ सात्विक भोजन करने का सुझाव दिया। राष्ट्रवाद का शिक्षा में स्थान के सवाल पर उन्होंने बताया कि माता-पिता व गुरुजनों से प्राप्त संस्कार से राष्ट्रवाद आता है। राष्ट्रीय भाषा को आगे बढ़ाने के लिए हमें थोपना नहीं, बल्कि स्वीकार करना चाहिए।

इस मौके पर सांसद ओम बिरला ने कहा कि विद्यार्थी जीवन कोरा कागज की तरह होता है। भारतीय मूल्यों के साथ शैक्षणिक माहौल मिलने से युवा देश के विकास में अच्छी तरह भागीदारी निभा सकेंगे। उन्होंने कोटा को शैक्षणिक नगरी बताते हुए कहा कि यहां देशभर के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

एलेन संस्थान के निदेशक गोविंद माहेश्वरी, रेजोनेंस के आर.के.वर्मा ने मोटिवेशन करते हुए देशभक्ति पूर्ण गीतों की प्रस्तुति दी। इस पर केन्द्रीय मंत्री ने भी साथ में सुर में सुर मिलाकर विद्यार्थियों को तनावमुक्त होकर शिक्षा ग्रहण करने का संदेश दिया। इस अवसर पर कॅरियर पाइंट, बंसल क्लासेज, मोशन के निदेशक ने भी स्वागत किया।


ये भी पढ़ें - इस पहाड़ से प्रकट हुई थी ज्वाला मां की स्वयंभू प्रतिमा

कार्यक्रम में विधायक हीरालाल नागर, संदीप शर्मा, नगर विकास न्यास अध्यक्ष आर.के.मेहता, पूर्व मंत्री मदन दिलावर सहित विभिन्न कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ऑल इंडिया एम्स परीक्षा में प्रथम रेंक प्राप्त करने वाली निषिता पुरोहित का केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। निषिता ने कोटा रहकर कोचिंग ली थी।


ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम