मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आधारहीन आरोप लगाने के लिए माफी की मांग करते हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है। एक दिन पहले ही दिग्गी ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री की अगुवाई वाले झुग्गी बस्ती पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) ने सभी एसआरए डेवलपर से कहा है कि वे मुंबई के वर्ली स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में खाता खोलें। मुख्यमंत्री की पत्नी इस बैंक में पदाधिकारी हैं।
कांग्रेस नेता की ओर से भाई-भतीजावाद का आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद फडणवीस ने वकील अपने गणेश सोवानी से कहा कि वह सिंह से दो सप्ताह के भीतर बिना शर्त माफी की मांग करें। सिंह को भेजे गए नोटिस में कहा गया है, ‘मुझे यह आपसे कहने के लिए निर्देशित किया गया है कि आप उन आरोपों को वापस लें और संशोधन करें जो आपने मेरे मुवक्किल के खिलाफ लगाए हैं। इसके साथ ही आप उनसे (मुख्यमंत्री) दो हफ्ते के भीतर अपने उसी ट्विटर हैंडल के माध्यम से बिना शर्त माफी मांगें।’