जयपुर। नगर निगम शुक्रवार से पॉलिथीन कैरी बैग के खिलाफ अभियान चलाएगा। इसके तहत पहले दिन दुकानदारों को पॉलिथीन के उपयोग एवं विक्रय के प्रति समझाइश की जाएगी और इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी। इस संबंध में आयुक्त रवि जैन ने गुरुवार को सभी जोन उपायुक्तों, अधिशासी अभियंता, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं सतर्कता शाखा के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आयुक्त जैन ने अधिकारियों के साथ नगर निगम जयपुर द्वारा 16 जून से पॉलिथीन कैरी बैग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान और दुकान के अंदर व बाहर एक-एक डस्टबिन रखने के अभियान के बारे में विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने बताया कि हर जोन में पॉलिथीन कैरी बैग पर रोक और दुकानों के अंदर-बाहर एक-एक डस्टबिन चैक करने के लिए तीन टीमें बनाई हैं। यह टीम शुक्रवार से प्रतिष्ठानों पर जाकर जांच करेगी। प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन नहीं मिलने पर पहले तो समझाइश की जाएगी, बाद में सख्ती बरती जाएगी। हर टीम में उपायुक्त, राजस्व अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक आदि अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह टीम शहर भर में जैन ने सभी अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही सभी बाजारों में लिटरबिन लगाए जाएंगे। हर 10 दुकानों पर 1 लिटरबिन लगाया जाएगा। इससे व्यापारियों को कचरा डालने में सुविधा होगी। जैन ने सभी जोन उपायुक्तों से बाजार आधारित एक्शन प्लान पर चर्चा की।
प्लास्टिक कैरी बैग पर प्रतिबंध
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान को समझाइश और सख्ती का तालमेल रखते हुए सफल बनाया जाए। जहां प्लास्टिक कैरी बैग का थोक व्यापार होता है, उन्हें तुरंत प्रभाव से सील किया जाए। इसके अलावा लोगों को कचरा नियत स्थान और नियत समय पर डालने को प्रेरित किया जाए। जैन ने बताया कि इस अभियान के दौरान कपड़े के बैग फ्री बांटे जाएंगे, ताकि लोगों को कपड़े, जूट और कागज के बने बैग इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जा सके। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कपड़े के बैग तैयार करवाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की अपील
उन्होंने कहा कि जयपुर शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के लिए सभी दुकानदारों, व्यापारियों, फुटकर व्यापारियों को अपने-अपने प्रतिष्ठान पर 20-20 लीटर की क्षमता के दो ढक्कनदार डस्टबिन (एक प्रतिष्ठान के अंदर व एक बाहर) रखना होगा तथा होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, ज्यूस, हलवाई, चाय वाले, सब्जी वालों को 100-100 लीटर क्षमता के दो ढक्कनदार पात्र रखने होंगे। जिन प्रतिष्ठानों पर कचरे के लिए दो अलग-अलग ढक्कनदार डस्टबिंस नहीं मिलेंगे उनसे 2000 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से कैरिंग चार्ज वसूला जाएगा और प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कैरी बैग का बेचान, उपयोग, भंडारण व विनिर्माण करने पर संबंधित व्यापारी, दुकानदार के विरुद्ध 5 वर्ष की सजा के लिए चालान एवं एक लाख रुपए जुर्माना अथवा दोनों साथ किया जाएगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे