श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, 10 की मौत, 55 घायल

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 15 जून 2017, 5:22 PM (IST)

कांगड़ा। जिले के ढलियारा के पास पंजाब के अमृतसर की एक बस गहरी खाई में लुडक गई जिसके कारण 10 लोगों की मौत हो गई तथा 55 लोग घायल हो गए। मरने वालों में 8 पुरुष व 2 महिलाएं हैं।घायलों में 32 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के लिए डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल काॅलेज में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार, ये भीषण सड़क हादसा आज सुबह करीब 11 बजे हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी अमृतसर की निजी मालवा बस सर्विस PB02BG 9985 चिंतपूर्णी से ज्वालाजी के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही ये बस कांगड़ा के ढलियारा के पास पहुंची, अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की तादाद अभी और बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

सड़क हादसे के बाद कई श्रद्धालु बस के नीचे ही दब गए। इन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। हादसे में कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिन्हें इलाज के लिए देहरा अस्पताल लाया गया है। जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में 55 लोग घायल हो गए जिनमें 32 को टांडा मेडिकल कालेज में भर्ती किया गया है। घायलों में 24 पुरुष, 23 महिलाएं व 8 बच्चे शामिल हैं।
हादसे की खबर मिलते ही हिमाचल प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह ने घायलों को हरसंभव मदद के आदेश दे दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन को मौके पर जाकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। धर्मशाला के पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने बताया कि अभी तक हादसे में मरने वाले लोगों में से तीन की ही पहचान हो सकी है। घायलों को कांगड़ा के टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कांगड़ा के उपायुक्त भी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं।

ये भी पढ़ें - अजब गजबः यहां शिवलिंग पर हर साल गिरती है बिजली