भरतपुर। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत राज्य सरकार के खिलाफ लामबंद होकर राज्य कर्मचारी दो दिवसीय कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। बुधवार को कृषि विभाग परिसर में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान महासंघ के जिलाध्यक्ष केदारनाथ शर्मा व महामंत्री राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी कर रही है। 10 वर्ष इंतजार के बाद जनवरी 2016 में मिलने वाला 7वां वेतन आयोग अभी तक लागू नहीं करके राज्य सरकार ने कर्मचारियों को मायूस किया है। 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना लागू करने, छठे वेतन की विसंगति दूर करने, ग्रेड पे बढ़ाने, पदनाम परिवर्तन करने, सेवाकाल में न्यूनतम 5 पदोन्नति दिलाने, प्रबोधक का नाम अध्यापक करने, पशुधन सहायक का पदनाम उत्तर प्रदेश की भांति पशुधन प्रसार अधिकारी करने व ग्रेड पे 4200 दिलाने की मांग को लेकर महासंघ आंदोलनरत हैं।
महासंघ की मांगें नहीं जाने पर राज्य के समस्त कर्मचारी 1 सितम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का नोटिस भी राज्य सरकार को दे दिया गया है। राज्य सरकार ने सातवां वेतन आयोग लागू करने के वजाय गठित कमेटी का कार्यकाल बढ़ाकर लम्बा खींचने का प्रयास कर रही है। कर्मचारियों की सहमति के बिना जल स्वावलम्बन योजना के नाम पर 1 दिन का वेतन लगभग 103 करोड़ रुपए अवैध रूप से वसूलना चाहती है, जिसे किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर कृषि विभाग में कार्यरत प्रयोगशाला सहायक मुकेश कुमार उर्फ बाबी को महासंघ का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। 15 जून को दोपहर 1 बजे पशु चिकित्सालय परिसर में सभी कर्मचारी एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को महासंघ का मांग पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर पूरन सिंह अवार, पवन शर्मा, राजेन्द्र कुन्तल, बलराम शर्मा, हरीमोहन मौर्य, जगत सिंह, धनेश शर्मा, महावीर सिंह, मुकेश कुमार बॉबी, राजेन्द्र शर्मा, कमलकांत, प्रेमचंद शर्मा, रमेशचंद, देवेन्द्र शर्मा, प्रेम सिंह, सहित बडी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे