पुलिसकर्मी बनकर वृद्धा से ले गए पांच तोला वजनी सोने के जेवर

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 10 जून 2017, 9:07 PM (IST)

भीलवाड़ा। पुलिसकर्मी बनकर दो युवक सत्संग से लौट रही वृद्ध महिला के पांच तोला सोने के जेवर उड़ा ले गए। वृद्धा ने घर पहुंचकर फर्जी पुलिसकर्मियों द्वारा थमाई गई पुडिय़ा खोली तो वारदात का पता चला।

भीलवाड़ा शहर की आरके कॉलोनी में हुई इस वारदात से एक बार फिर सनसनी फैल गई। इस तरह की दर्जनों वारदात भीलवाड़ा में हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक इन फर्जी पुलिसकर्मियों को दबोच नहीं पाई। आरके कॉलोनी निवासी अशोक अजमेरा की मां सुमित्रा देवी शनिवार सुबह रामनाम सत्संग से पैदल घर लौट रही थीं। घर से कुछ ही दूर उसे दो लोग मिले। दोनों ने सुमित्रा को रोका। खुद का परिचय पुलिसकर्मी के रूप में देते हुए शहर में लूट व झगड़े की बात कही। साथ ही सुमित्रा को उसके पहने गहने चूडिय़ां व चेन (पांच तोला वजनी) उतारने को कहा। महिला बदमाशों के झांसे में आ गई और उसने चेन और चूडिय़ां निकालकर उन्हें थमा दीं। बदमाशों ने सुमित्रा के असली गहने पलक झपकते ही गायब कर दिए और नकली चूडिय़ां एक पुडिय़ां में बांधकर थमा दीं। सुमित्रा यह पुडिय़ा लेकर घर चली गई। पुडिय़ा में नकली चूडिय़ां थीं। यह देखकर सुमित्रा घबरा गई। उसने इसकी जानकारी तुरंत ही परिजनों को दी। सुमित्रा के बेटे अशोक अजमेरा ने सुभाषनगर थाने पहुंच कर दोनों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे