राष्ट्रपिता के प्रति अनर्गल टिप्पणी देश का अपमान-पायलट

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 10 जून 2017, 5:25 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा राष्ट्रपिता के महात्मा गांधी के प्रति दुर्भावनापूर्ण विचार व्यक्त किये जाने की कड़े शब्दों में निन्दा की है। पायलट ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिस शब्दों का इस्तेमाल महात्मा गांधी के व्यक्तित्व के लिए किया है, वह उनकी मानसिकता के खोखलेपन का परिचायक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी व उसकी विचारधारा सर्वसमावेशी है जिसका उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखण्डता, बहुलता व सम्प्रभुता को बनाये रखना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश को आजाद कराने से लेकर देश के अब तक के सम्पूर्ण विकास का सफर कांग्रेस विचारधारा की परिपक्वता का ही परिणाम है जिसने देश की विविधता को बनाये रख प्रत्येक नागरिक को अवसर प्रदान कर उनको अपनी जीवन की दिशा चुनने का मौका दिया।
पायलट ने कहा कि भाजपा व उससे जुड़े हुए सभी संगठन कांग्रेस के नेताओं व राष्ट्रपिता को लक्ष्य बनाकर समय-समय पर अपनी ओछी सोच का परिचय देते रहे हैं जो बताता है कि भाजपा कांग्रेस पार्टी व उसकी विचारधारा, जो राष्ट्र के प्रति समर्पण की जीतीजागती मिसाल है, से बौखला कर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने भाजपा को जनादेश राष्ट्र के नेताओं व कांग्रेस पार्टी के प्रति अपनी दुर्भावना व द्वैष व्यक्त करने के लिए नहीं दिया था वरन् सरकार चलाकर जनता को राहत पहुँचाने के लिए सौंपा था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे