अमिताभ की ठग्स ऑफ हिंदोस्तां पर बारिश की मार, शूटिंग बंद

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 09 जून 2017, 2:59 PM (IST)

हाल ही में शुरू हुई अमिताभ बच्चन, आमिर खान, कैटरीना कैफ और फातिमा सना शेख अभिनीत विजय कृष्ण आचार्य निर्देशित फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्ता पर बारिश की मार पड गई है, जिसके चलते इस फिल्म की शूटिंग को रोक दिया गया है। इस फिल्म की शूटिंग इन दिनों माल्टा में चल रही है। यह फिल्म चार ठगों की कहानी है और इसका सैट हॉलीवुड फिल्म पायरेट्स ऑफ कैरेबियन की नकल है। आदित्य चोपडा निर्मित इस फिल्म का प्रदर्शन आगामी वर्ष दीवाली के मौके पर होना तय है।
आमिर खान, कैटरीना कैफ और विजय कृष्ण आचार्य दूसरी बार एक साथ काम करने जा रहे हैं। जबकि अमिताभ बच्चन और आमिर खान पहली बार परदे पर एक साथ दिखायी देंगे। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन आमिर के पिता का किरदार निभा रहे हैं। फातिमा सना शेख जहां फिल्म के बाकी कलाकारों अमिताभ, कैटरीना के साथ पहली बार नजर आएंगी, वहीं वे आमिर खान के साथ दूसरी बार दिखायी देंगी। इससे पहले वे उनकी फिल्म दंगल में उनकी बडी बेटी गीता फोगाट के रूप में नजर आ चुकी हैं। फिल्म की कहानी स्वतंत्रता से पूर्व ब्रिटिश के जमाने के ठगों की है। यह फिल्म मेडोव्स टेलर की किताब ‘कन्फेशन ऑफ अ ठग’ पर आधारित है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे