पधर/मंडी। उपमंडल की ग्राम पंचायत चुक्कू के खजरी गांव के समीप जंगल में तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। घायल व्यक्ति का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुक्कू में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार खजरी गांव निवासी मिंटू राम पुत्र निहाल सिंह आज सुबह करीब साढ़े सात बजे अप्पर खजरी (जरल) के पास बिरोजा निकासी का कार्य कर रहा था। अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। शोर मचाने के बाद आस-पड़ौस के ग्रामीणों के वहां पहुंचते ही तेंदुआ वहां से भाग गया। युवक के सिर चेहरे और बाजू में गहरे घाव लगे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने जख्मी युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुक्कू पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। तेंदुए के हमले से चुक्कू, जुजलु, रझोण, पपलाहण और खजरी गांव के ग्रामीण खौफ में हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की गुहार लगाई है। साथ ही प्रशासन से पीड़ित युवक को राहत राशि मुहैया करवाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे