चीन, पाक और अंदरूनी दुश्मनों से एक साथ निपटने को तैयार: आर्मी चीफ

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 08 जून 2017, 3:49 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय सेना प्रमुख बिपिन रावत ने कहा है कि भारत ढाई मोर्चे (चीन, पाकिस्तान और आंतरिक सुरक्षा) पर युद्ध लड़ रहा है। जनरल रावत ने कहा कि भारतीय सेना चीन और पाकिस्तान जैसे बाहरी खतरों के साथ आंतरिक खतरों से भी एक साथ निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। जनरल रावत ने साथ ही कहा कि भारत इन विभिन्न मोर्चों पर युद्ध के लिए तो तैयार है ही, किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए हमारे पास कई प्रभावी रास्ते भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे प्रधानमंत्री ने भी बताया कि भारत-चीन सीमा पर जारी तनाव के बावजूद पिछले 40 सालों में एक भी गोली नहीं चली।’
सेना प्रमुख जनरल रावत ने साथ ही कहा कि जम्मू-कश्मीर में जल्दी ही हालात सुधरेंगे। उन्होंने कहा, ‘कश्मीर में हालात में सुधार होगा।’ जनरल रावत ने पाकिस्तान पर राज्य के युवाओं को सोशल मीडिया प्रॉपेगैंडा के जरिए भरमाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान सोशल मीडिया का इस्तेमाल करके कश्मीर के युवाओं में गलत सूचना फैला रहा है।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान राज्य में अव्यवस्था फैलाने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने कहा, ‘छेड़छाड़ वाले वीडियो और संदेशों से पाकिस्तान राज्य के युवाओं को बरगला रहा है। इसमें पाकिस्तान को घाटी से भी कुछ लोगों का साथ मिल रहा है। ऐसे संदेशों में आंतकी संगठन में शामिल होने वाले युवाओं का महिमामंडन किया जाता है।’
जनरल रावत ने कहा कि सेना आधुनिकीकरण की तैयारी भी साथ-साथ ही कर रही है। उन्होंने कहा, ‘हम आधुनिकीकरण का मुद्दा सरकार के सामने उठाते रहते हैं और अभी सेना के शस्त्रागार को अपग्रेड किया जा रहा है। हम पुराने (30 प्रतिशत) कम प्रयोग में आने वाले (40 प्रतिशत) और आधुनिक उपकरण (30 प्रतिशत) के बीच बैलेंस बनाकर रखते हैं।’ जनरल रावत ने कहा कि इसमें 30 फीसदी उपकरण बेहद आधुनिक है, 40 का आधुनिकरण किया जा रहा है और बाकी 30 फीसदी पुरानी पड़ चुकी है और उसे अपग्रेड करने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें - यहां पेड़ों की रक्षा को 363 लोगों ने दिया था बलिदान