ब्राजील:टेमर,रॉसेफ के खिलाफ सुनवाई फिर शुरू

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 07 जून 2017, 9:15 PM (IST)

ब्रासीलिया। ब्राजील के सुपीरियर इलेक्टोरल कोर्ट ने उन आरोपों की सुनवाई पुन: शुरू कर दी है जिसके मुताबिक डिल्मा रॉसेफ तथा माइकल टेमर ने सत्ता में आने के लिए साल 2014 में राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अभियान के लिए अवैध रकम ली थी। समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक कोर्ट के प्रेसिडेंट गिल्मर मेंडेस ने मंगलवार को सुनवाई पुन:शुरू करने की घोषणा की, जिसके कारण मुश्किलों से घिरे राष्ट्रपति माइकल टेमर को पद से इस्तीफा देना पड सकता है।

मामले की सुनवाई अप्रैल में ही शुरू हुई थी, लेकिन बाद में स्थगित हो गई थी। टेमर पर भ्रष्टाचार के अलग-अलग आरोपों को लेकर सुनवाई अब शुरू हुई है। कथित तौर पर भ्रष्टाचार, न्याय में बाधा डालना तथा अवैध सहयोग के आरोपों को लेकर सर्वोच्च न्यायालय टेमर के खिलाफ जांच कर रहा है। साल 2014 में हुए वर्ल्ड कप में भ्रष्टाचार के सिलसिले में टेमर के सहयोगी तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री हेनरिक एडुआडरे आल्वस को हिरासत में लेने के बाद सुनवाई पुन:शुरू की गई है। सुनवाई तीन दिन तक चलने की उम्मीद है, जिस दौरान भ्रष्टाचार में शामिल कंपनियों द्वारा रॉसेफ तथा टेमर के चुनाव प्रचार अभियान को मिली रकम के मामले की सुनवाई की जाएगी।

संघीय बजट से संबंधित कदाचार के आरोपों के बाद पिछले साल रॉसेफ को महाभियोग के बाद पद छोडना पडा था, जिसके बाद टेमर राष्ट्रपति बने थे। दोनों आरोपियों ने सबूतों की कमी का हवाला देते हुए सुनवाई बंद करने की मांग की है। टेमर के वकीलों ने रॉसेफ तथा टेमर के कैंपेन के खातों की अलग-अलग जांच कराने की मांग की है। अगर टेमर को पद से हटाया जाता है, तो कांग्रेस को 30 दिनों के भीतर राष्ट्रपति निर्वाचित करना प़डेगा। अध्यक्ष रोड्रिगो माइया अंतरिम राष्ट्रपति बन सकते हैं। (आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे