भड़काऊ भाषण मामले में तीसरी बार भी कोर्ट में नहीं आया सरकार का कोई जवाब

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 06 जून 2017, 2:12 PM (IST)

रोहतक। भाजपा सांसद राजकुमार सैनी के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के मामले में मंगलवार को रोहतक कोर्ट में सुनवाई हुई। इस मामले में सांसद के खिलाफ केस चलाने की अनुमति के लिए हरियाणा सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।पूर्व सांसद कैप्टन इंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार राजकुमार सैनी और रोशनलाल आर्य को बचाना चाहती है, क्योंकि तीन बार रिमाइंडर भेजे जा चुके हैं, लेकिन सरकार कोई जवाब नहीं दे रही। अब आरटीआई लगाई जाएगी और सरकार से जवाब मांगा जाएगा कि इस मामले में सारे सबूत होने के बावजूद सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही है। पूर्व सांसद ने दोनों नेताओं पर कोर्ट में जाट समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत दे रखी है। इस मामले में अब अगली सुनवाई 7 अगस्त को होगी।

यह है मामला


14 नवंबर 2015 को रोहतक में ओबीसी बिग्रेड के बैनरतले जनसभा हुई थी। इस जनसभा में भाजपा सांसद राजकुमार सैनी व पूर्व विधायक रोशनलाल आर्य ने शिरकत की थी। इस जनसभा के दौरान भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने जाटों के खिलाफ जमकर आग उगली थी। सैनी के सुर में सुर मिलाते हुए पूर्व विधायक रोशनलाल आर्य ने तो यहां तक कह दिया था कि अगर हाथ में डंडा हो तो जाट ठीक रहते हैं। आर्य यहीं नहीं रुके इसी क्रम में वे बोले कि जाट अगर सत्ता से बाहर रहें तो ठीक रहते हैं और अगर सत्ता में हों तो बंदर की तरह व्यवहार करते हैं। इसके बाद इन दोनों नेताओं के भाषण को आधार बनाते हुए रोहतक से इनेलो के पूर्व सांसद कैप्टन इंद्र सिंह ने 6 फरवरी 2016 को सैनी व आर्य के खिलाफ कोर्ट में इस्तगासा दायर कर दिया। दोनों नेताओं पर जाटों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने और समाज में जातिगत जहर फैलाने का आरोप लगाया गया।

दर्ज किए जाएं केस


रोहतक कोर्ट में दायर अपनी शिकायत में याचिकाकर्ता पूर्व सांसद कैप्टन इंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि राजकुमार सैनी व रोशन लाल आर्य जाटों केखिलाफ जमकर जहर उगल रहे हैं। वे जाटों के खिलाफ अभद्र शब्दों का भी प्रयोग कर रहे हैं। इसलिए उन्हें कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए। यह मामला न्यायाधीश हरीश गोयल की कोर्ट में चल रहा है और इस मामले में कुल 5 गवाह बनाए गए। जिनकी गवाही पूरी हो गई है। पूर्व सांसद की मांग है कि सैनी व आर्य पर आईपीसी की धारा 153, 153 ए, 153 बी, 504, 505 बी व 120 बी के तहत केस दर्ज किया जाना चाहिए।

दोनों नेताओं को बचाना चाहती है सरकार


मंगलवार को रोहतक कोर्ट में इस मामले को लेकर सुनवाई हुई, लेकिन इस बार भी हरियाणा सरकार की तरफ से कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया और न ही सांसद पर केस चलाने संबंधी परमिशन पर कोई जवाब दिया। पूर्व सांसद कैप्टन इन्द्रसिंह ने आरोप लगाया कि तीन बार सरकार से परमिशन मांग चुके हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया जा रहा। इससे ये बात स्पष्ट हो जाती है कि सरकार राजकुमार सैनी और रोशनलाल आर्य को बचाना चाहती है। अब हम आरटी आई लगाएंगे और सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही, इसकी जानकारी लेकर कोर्ट में दी जाएगी। कैप्टन इन्द्र सिंह के वकील अभिषेक चौधरी ने बताया कि कोर्ट इस मामले में सुनवाई करना चाहती है, सारे सबूत हैं कि किस तरह से इन दोनों नेताओं ने प्रदेश का माहौल बिगाडा, जिस कारण दंगे हुए। अब सरकार का जो रुख नजर आ रहा है, उससे ये बात स्पष्ट हो जाती है कि सरकार इन दोनों नेताओं को बचाना चाहती है, लेकिन हम हर कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और इन्हें सजा दिलाकर रहेंगे। देखते हैं सरकार इन्हें कब तक बचाती है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे