अमेठी। यूपी का अमेठी ज़िला कहने को तो वीवीआईपी क्षेत्र है लेकिन ज़मीनी हकीक़त इससे इत्र है। यहां तिलोई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को ही ले लिया जाए तो इसकी स्थिति दयनीय है, 8 डॉक्टरों की यहां पोस्टिंग है और इसमें भी सर्जन और टीबी के डाक्टर हैं ही नहीं। जो डॉक्टर हैं भी वो दिन भर अपने में ही मस्त रहते हैं। ऐसे में आने वाले मरीज बैरंग वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
राहुल का संसदीय क्षेत्र तो स्मृति की राजनैतिक फील्ड फिर ये दुश्वारिया
राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में संचालित सीएचसी तिलोई सर्जन डाक्टरों से खाली है। सर्जन डाक्टर तैनात न होने के चलते पेशेंट को आसपास के झोला-छाप डाक्टर या फिर प्राईवेट हास्पिटल का मुंह देखना पड़ रहा है। यही नहीं यहां टीबी रोग से ग्रस्त आने वाले मरीजों को डाक्टरों कि तैनाती न होने के कारण इधर उधर भटकना पड़ रहा है। इसके अलावा हड्डी रोग विशेषज्ञ, ईएनटी (नाक कान गला) डॉक्टर की तैनाती भी नहीं है। जिसके चलते पेशेंट को प्राइवेट इलाज के लिए जगदीशपुर, रायबरेली और सुल्तानपुर का चक्कर लगाना पड़ रहा है और ये बदहाली तब है जब अमेठी की दीदी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी में विकास के बड़े-बड़े दावे करती हैं। जबकि केंद्र और राज्य में उनकी सरकार है और तिलोई में उनकी पार्टी का एमएलए।
शोपीस बनी एक्सरे मशीन व अल्ट्रा साउण्ड मशीन
तिलोई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर काफी समय पूर्व एक्सरे मशीन व अल्ट्रासाउण्ड मशीन को लगाया गया था। लेकिन रख रखाव व सर्जरी न होने के कारण लाखों रूपये की मशीन खराब होकर मात्र शो पीस बनी खड़ी हैं। ऐसे में पेशेंट को अपनी सुविधा की पूर्ति के लिए बाहर जाना पड़ता है, जहां एक्सरे के लिए 500 रूपये तथा अल्ट्रा साउण्ड के लिए 1500 रूपये शुल्क चुकाना पड़ता है।
इनकी है यहां तैनाती
यहां पर तैनात डाक्टर अपनी अपनी प्राइवेट क्लीनिकों पर रोगियों को बुलाकर आपरेशन करके मरीजों का दोहन करते हैं। यहां पर दयाल शरण दुबे (अधीक्षक) के अलावा शिवा नन्द शुक्ला, डा0 आरिफ, डा0 मनीश मौर्या, डा0 पंकज गुप्ता तथा तीन महिला चिकित्सकों की तैनाती है।
अस्पताल परिसर में कुत्तों का जमावाड़ा
हैरत की बात ये है कि स्वास्थ्य केन्द्र पर वैक्सीन कक्ष, जच्चा-बच्चा केन्द्र ही नही है। दवा वितरण कक्ष है तो यहां के आसपास आवारा कुत्तों का जमावाड़ा बना रहने के कारण मरीज़ और तीमारदार जाते डरते हैं।
बाहर से दवा लेने को मजबूर पेशेंट
दवा बाहर से खरीदने को मजबूर रोगी स्वास्थ केन्द्र पर आने वाले हर दूसरे पेशेंट को डाक्टर द्वारा बाहर से ही दवा लिखा जा रहा है और बेचारा पेशेंट लेने को मजबूर है। दरअस्ल यहां पेटेंट दवायें कब आती है कब खत्म हो जाती है किसी को कुछ पता नही। ऐसे में लाल-पीली गोली के अलावा कुछ मिलता ही नहीं। नतीजतन पेशेंट दवा बाहर से लेने को मजबूर है।
दोषियों के खिलाफ होगी कार्यवाही
फिलहाल इस सम्बन्ध में अमेठी जिले के सीएमओ राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण की जांच जल्द कराकर समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे