बैंक लूट की साजिश रच रहे छह बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 31 मई 2017, 11:10 AM (IST)

जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की विशेष टीम व स्थानीय पुलिस ने बैंक लूट की साजिश रच रहे छह बदमाशों को वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। बांडी नदी के पास बदमाश डकैती की साजिश रच रहे थे। डीसीपी जयपुर वेस्ट अशोक गुप्ता ने बताया कि इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की तो वे कार में सवार होकर भागने की कोशिश करने लगे। इस बीच पुलिस ने छह बदमाशों को पकड़ लिया और थाने लाकर पूछताछ की तो उन्होंने आंध्रा बैंक में लूटपाट करने की साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने गिरोह के सरगना कमलेश उर्फ कमल निवासी बुगालिया, बंशीधर गुर्जर उर्फ वीर निवासी सीतारामपुरा, प्रेमचंद उज्जवल निवासी रामजीपुरा, गणेश रैगर माधोपुरा, राजेश रैगर निवासी थाथोली व गौतम मीणा निवासी रामपुरा तहसील रूपनगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से दो देशी कट्टे, तीन चाकू, कटार, डंडा, तलवार व लूटी गई कार बरामद की है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कई वारदातों को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे