जाधव ने आतंकी हमलों के बारे में भारत को दी थी खुफिया जानकारियां: पाक

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 30 मई 2017, 2:51 PM (IST)

इस्लामाबाद। कुलभूषण जाधव के मामले में पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने देश में हाल ही में हुए आतंकी हमलों के बारे में जाधव ने भारत को कई खुफिया जानकारियां दी थी। पाकिस्तान विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने एक साक्षात्कार में कहा कि भारतीय नागरिक जाधव ने पाक में हो रहे हमलों के बारे में भारत को लगातार खुफिया जानकारियां दी थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जकारिया ने पाकिस्तान के डॉन न्यूज को दिए साक्षात्कार में दावा किया है कि जाधव ने भारत को देश के बारे में कई खुफिया जानकारियां उपलब्ध कराई थी। साथ ही जकारिया ने कहा कि इंटरनेशनल कोर्ट ने जाधव की फांसी पर रोक लगाई है, लेकिन यह मामला उसके अधिकार क्षेत्र में आता है या नहीं, यह तय होना अभी बाकी है।
पाक अटॉर्नी जनरल बोले जाधव के जासूस होने के सबूत:
वहीं पाकिस्तान के अटॉर्नी जनरल अश्तार औसफ ने दावा किया है कि इस बात के काफी सबूत हैं कि जाधव भारतीय जासूस था। औसफ ने दावा किया है कि पाकिस्तान के पास जाधव के बारे में काफी जानकारी है। उन्होनें कहा कि सुरक्षा कारणों की वजह से इन जानकारियों का खुलासा नहीं किया जा सकता।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होनें कहा कि सबूतों को सिर्फ आईसीजे में सुनवाई के दौरान पेश किया जाएगा। साथ ही उन्होनें कहा कि आईसीजे का 18 मई को आया आदेश पाकिस्तान की हार नहीं है, न ही ये भारत की जीत है। औसफ ने कहा कि जब मामले की फिर से सुनवाई शुरू होगी तो पाकिस्तान के पास जीत हासिल करने के लिए मजबूत आधार होगा।
ज्ञातव्य है कि भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को पाक मिलिट्री कोर्ट ने जासूसी और देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में फांसी की सजा सुनाई थी। इस पर भारत ने यह मामला इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस के सामने उठाया। वहां आईसीजे ने पाक से आखिरी फैसला होने तक फांसी रोकने को कहा है।

ये भी पढ़ें - ऐसे करें पूजा, घर में कभी नहीं आएगी धन की कमी