दो घंटे टंकी पर चढ़ी रही महिला, कहा अनुकंपा नियुक्ति दो

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 29 मई 2017, 8:41 PM (IST)

झुंझुनूं। शहर में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तहसील कार्यालय के पास स्थित एक पानी की टंकी पर महिला चढ़ गई। इसके बाद लोगों ने प्रशासन व पुलिस को सूचना दी। प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला अपने मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थी। साथ ही कुछ बोल भी नहीं रही थी। जिसके चलते पुलिस को काफी वक्त तक मामले को समझने और महिला को जानने में लग गया। लेकिन बाद में महिला का चेहरा दिखा और महिला ने बताया तो सामने आया कि यह महिला कांस्टेबल सुरेश निवासी सांवलोद की पत्नी अनिता है।कांस्टेबल सुरेश की मौत बीते माह ही हार्ट अटैक से हो गई थी। इसके बाद अनिता ने कहा कि उन्हें अपने पति की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति दी जाए। जिस पर काफी आश्वासन के बाद महिला मानी और दो घंटे बाद महिला टंकी से उतरी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे


पुलिस ने महिला को आश्वस्त किया है कि सात दिन में उसके अनुकंपा नियुक्ति और अन्य आर्थिक सहायता को लेकर चल रहे प्रकरण का निपटारा कर दिया जाएगा। चर्चा यह भी है कि सुरेश से उसकी पत्नी अनिता अलग रहती थी। मौत के बाद उसने एक दिन पुलिस के साथ झगड़ा करके ही पुलिस लाइन में उसी मकान में रहना शुरू कर दिया। जिसमें सुरेश रहा करता था। अब सुरेश ने अपने नॉमिनी में मां-बाप का नाम लिख रखा है। वहीं अनिता अपने हक का दावा कर रही है। बहरहाल, पुलिस ने सात दिन का आश्वासन तो दे दिया है। लेकिन मामले का निपटारा कैसे होता है। यह देखना दिलचस्प होगा।

ये भी पढ़ें - यहां महाभारत के भीम आज भी करते हैं शहर की रक्षा