जयपुर। श्याम नगर थाना इलाके में 8 मई की रात फुटपाथ पर सो रही छह साल की बच्ची को अगवा कर ज्यादती व जान लेने का प्रयास करने का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। इस घटना को अंजाम देने वाला वहशी दरिंदा बच्ची का पिता ही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी शेरूराम उर्फ शेरू निवासी सिवाना जिला बाड़मेर हाल खानाबदोश है। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस आयुक्त संजय अग्रवाल ने बताया कि 8 मई को खानाबदोश परिवार की छह साल की बच्ची के गायब होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस थाना श्याम नगर की चेतक व आसपास के थानों की पुलिस ने नाबालिग की तलाश शुरू की। इस दौरान बच्ची पास ही खाली पड़े प्लॉट से आती हुई दिखाई दी। उसके चेहरे-गले व शरीर के अन्य अंगों पर चोटें आई हुई थीं। बालिका का तुरंत जेके लोन अस्पताल में मेडिकल कराया गया। इसमें उसके साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई। इस पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपहरण, बलात्कार व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में टीम बनाई गई। सहायक पुलिस आयुक्त सोढाला एवं श्याम नगर, सोढ़ाला, मानसरोवर, सांगानेर सदर थाने के थानाधिकारी, जिले की स्पेशल टीम एवं साइबर शाखा ने मामले को गंभीरता से लेकर पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास संदिग्धों से पूछताछ की। इसमें राहुल वर्मा उर्फ टाटिया का नाम सामने आने पर उससे पूछताछ की गई। बाद में पीडि़ता ने पुलिस को पिता द्वारा उसके साथ गलत हरकत करने की बात बताई। पुलिस ने पीडि़ता के पिता शेरूराम उर्फ शेरू से पूछताछ की। इस पर वह बार-बार बयान बदलने लगा। बाद में डीएनए सैंपल की रिपोर्ट आने पर पीडि़ता के पिता द्वारा वारदात करना साबित हुआ। इस पर पुलिस ने पीडि़ता के पिता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में थाना सिणधरी जिला बाड़मेर एवं थाना सायला जिला जालोर में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है।
नशे का आदी है आरोपी पिता
इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात का आरोपी नशे का आदी है। वह शराब के नशे में बच्ची को गोद में उठाकर ले गया और ज्यादती का प्रयास कर डाला। बच्ची द्वारा पहचाने जाने पर उसने उसको जान से मारने का भी प्रयास किया, मगर सफल नहीं हो पाया। गौरतलब है कि बाड़मेर के सिवाना का एक परिवार दौ सौ फीट बाईपास पर झुग्गी झोपड़ी में रहकर मजदूूरी करता है। 8 मई की रात करीब दो बजे मां की नींद खुली तो उसने चार साल की बच्ची को नदारद पाया। करीब आधा घंटे के बाद बालिका करीब पांच सौ मीटर दूर एक खाली प्लॉट से रोती हुई आई। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान मिले और वहीं होठ-कान-ललाट व चेहरा नोचा हुआ था। उसके कपड़े खून से सने हुए थे।
यह भी पढ़े : ड्रेस पसंद नहीं आई तो पति ने चबाई पत्नी की नाक