हड्डियों में रह-रह कर ना सहे जाने वाला दर्द, कमर या जोडों में दर्द, मामूली चोट लगने पर भी हड्डियों में फैक्चर, हड्डियों को दबाने पर मुलायम लगना और उनमें दर्द होना, ये सब आस्टियोपोरोसिस के लक्षण हैं। यह हड्डियों की ऐसी परेशानी है जो कहकर नहीं आती। यह धीरे-धीरे हड्डियों को कमजोर करती रहती है, लेकिन शुरू में इसका पता नहीं चलता। फैक्चर होने पर ही इसका पता चल पाता है। लेकिन अगर इन लक्षणों के दिखने पर तुरंत मेडिकल सलाह ली जाए तो इसके ज्यादा गंभीर होने के पहले ही इसे खत्म किया जा सकता है। हड्डियां कैल्शियम के अलावा कई तरह के मिनरल से मिलकर बनी होती हैं। अनियमित जीवनशैली की वजह से या फिर बढती उम्र में ये मिनरल खत्म होने लगते हैं। हड्डियां घिसने और कमजोर होने लगती हैं। हड्डियों का घनत्व कम होने लगता है। धीरे-धीरे पेशेंट काम करने में असमर्थ होता जाता है। मामूली चोट पर भी उसे फैक्चर हो सकता है। हारमोनल बैलेंस बिगडना, असंतुलित खाना और बढती उम्र भी इसके कारण हैं।
आप खुद ही ख्याल रखें
ऑस्टियोपोरोसिस ऐसी बीमारी है जिसे आप खुद से ही दूर रख सकते हैं। शुरू से ही खाने में दूध, दही, हरी सब्जियों और अण्डों का इस्तेमाल बोन के लिहाज से ठीक रहता है। एल्कोहल, सिगरेट और नशीली चीजें मिनरल को खत्म करती हैं। रोज व्यायाम को प्रमुखता दें और हो पाए तो कम से कम दो किलोमीटर पैदल चलने की कोशिश करनी चाहिए। व्यायाम भी एक लिमिट में होना चाहिए।
युवाओं में बढी परेशानी
बच्चों में कम उम्र से ही जंक फूड और फैटी खाने की आदत, बढती इनडोर ऐक्टिविटी उनमें मोटापा देती है। ज्यादा वजन से हड्डियों पर दबाव पडता है। यह आगे चलकर युवा वर्ग में हड्डी की परेशानी बन सकती है।
ऑस्टियोपोरोसिस से स्पाइनल फैक्चर
83 फीसदी स्पाइनल फैक्चर ऑस्टियोपोरोसिस की वजह से ही होता है। बहुत से लोग समस्या के बाद भी सर्जरी के लिए मानसिक रूप से तैयार होने के बजाए समस्या के साथ जीने को तैयार रहते हैं। तकनीकी बढने के साथ इलाज भी आसान हुआ है। बलून कीफोप्लास्टी यानी बलून द्वारा इलाज कारगर प्रक्रिया साबित हुई है। यह रीढ को सही स्थिति में लाने, पीठ दर्द कम करने के साथ साथ काम करने में फिरसे समर्थ बनाता है।