डूंगरपुर/जयपुर। डूंगरपुर जिले में मनरेगा योजना के तहत ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ लोगों की राह भी आसान की जा रही है। ऐसी ही राहत मिली है डूंगरपुर की सीमलवाड़ा पंचायत समिति के भादर नाले के तट पर स्थित केसरपुरा ग्राम पंचायत के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को। बरसों से गांव वालों की बड़ी शिकायत थी कि गांव में तो विकास कार्य होते हैं, परंतु आस पास के गांवों के आपस में जुड़े होने से आवाजाही के लिए लम्बी दूरी तय करनी होती है। साथ ही ग्राम पंचायत के संबंद्ध गांवों का गुजरात राज्य के सीमावर्ती होने पर भी सीधा सम्पर्क उस राज्य से नहीं हो पा रहा था। ग्राम पंचायत केसरपुरा के लालपुरा, भचडिया, काकरादरा, झरनी और डूंका ग्राम पंचायत के कई गांवों का सीधा सम्पर्क गुजरात राज्य के प्रमुख शहर लुनावाडा, गोधरा, दाहोद और संतरामपुर व अन्य गावों से डिटवास से मार्ग में पड़ने वाले नाले से संभव नहीं हो पा रहा था। भादर नाले के कारण इन ग्राम पंचायत के लोगों को लगभग 13 किलोमीटर का लम्बा रास्ता तय करना पड़ता था। लेकिन अब भादर नाले पर पुलिया बनने से लोगों की राह काफी आसान हुई है। पुलिस निर्माण से ग्रामीणों को महज दो किलोमीटर के सफर में अपने गंतव्य तक पहुंचने की राह मिली है। आस-पास के गांवों के साथ ही गुजरात राज्य से सीधे जोड़ने वाली पुलिया का निर्माण नहीं होने की स्थिति से ग्रामवासी निराश थे और वे जब तब होने वाली ग्राम सभाओं में अपनी इस पीड़ा का बयान भी करते थे। जिले में महात्मा गांधी नरेगा योजना के आने के बाद गांववासियों में आशा की किरण जगी। उन्होंने ग्राम सभा में इन समस्त गांवों को जोड़ने और दूरी को कम करने के लिए भादर नाले पर पुलिया निर्माण का अहम प्रस्ताव लिया। भादर नदी पर पुलिया निर्माण के लिए 33.12 लाख रुपए स्वीकृत हुए तो ग्रामीणों के बरसों-बरस की आस को जैसे पंख मिल गये हों।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
उन्होंने अपनी इस उम्मीद को शीघ्रता से पूरा करने के लिए दुगुने उत्साह से कार्य को अंजाम दिया और अपे्रल 2016 में शुरू हुए इस कार्य को जनवरी 2017 में पूर्ण कर लिया। लम्बे समय से चली आ रही समस्या केे समाधान के रूप में भादर नाले पर निर्मित पुलिया उस परिधि के समस्त निवासियों के लिए राहत की सांसें लेकर आया। पुलिया के निर्माण होने से क्षेत्र के निवासियों को लम्बी दूरी तय करने की समस्या से तो निजात मिली ही, साथ ही ग्राम पंचायतों के निवासियों के बीमार होने पर चिकित्सालय तक ले जाने की भी सुविधा हो गई। सरपंच सोमी देवी कहती है कि इस पुलिया के बनने से हजारों ग्रामीणों को फायदा हुआ है। गांववासी मनरेगा योजना से पुलिया के प्राथमिकता से पूर्ण होने और इससे होने वाले फायदों को ग्रामीणों के लिए वरदान बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। हर क्षेत्र तक विकास के कार्यों से राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध सरकार ने इस क्षेत्र की प्रमुख समस्या को प्राथमिकता से पूर्ण कर लोगों को राहत दी है।
ये भी पढ़ें - यहां अंतिम विश्राम के लिए भी नहीं मिलती जगह