जमीनी विवाद में दरोगा ने चचेरे भाई की गोली मार कर की हत्या

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 21 मई 2017, 7:06 PM (IST)

लखनऊ/मऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ के मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में बीती रात जमीन विवाद में एक दरोगा ने अपने चचेरे भाई की गोली मार कर हत्या कर दी और अपने चाचा और भाई को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी दरोगा सुभाष राम को हत्या में प्रयुक्त बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली अंतर्गत चकभदवा गांव निवासी अनिरुद्ध (40) मुंबई में रहते थे। वह भतीजी की शादी में शामिल होने विगत सप्ताह गांव आए थे। उनका चचेरा भाई सुभाष राम श्रावस्ती जनपद में पुलिस विभाग में तैनात था।

अनिरुद्ध और सुभाष के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार की रात विवाद के दौरान सुभाष राम ने दोनाली बंदूक से अनिरुद्ध पर फायर कर दिया, जिसमें अनिरुद्ध की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

वहीं अनिरुद्ध के पिता सतई राम व भाई विजय घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दरोगा सुभाष राम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई बंदूक भी बरामद कर ली गई है।

-आईएएनएस

ये भी पढ़ें - यहां मरने के बाद भी होती है शादी, मंडप में दूल्हा-दुल्हन...