रसगुल्ले को लेकर घराती व बारातियों में दंगल, बैरंग लौटी बारात

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 19 मई 2017, 7:48 PM (IST)

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक विवाह समारोह में रसगुल्ला खाने पर विवाद दंगल में तब्दील हो गया। बारातियों ने एक रसगुल्ले की जगह दो रसगुल्ले खाने को लेकर बवाल मचा दिया। यह बवाल इतना बढ़ गया कि दुल्हन ने शादी करने से ही मना कर दिया। आखिर में बारात बैरंग लौट गई।

उन्नाव के कर्मापुर गांव में एक युवती की शादी खुंटहा गांव के निवासी शिवकुमार के साथ तय हुई थी। गुरुवार शाम बरात कर्मापुर पहुंची। दुल्हन के पिता ने सभी बरातियों से खाने का आग्रह किया। खुशनुमा माहौल में खलल तब पड़ा, जब अचानक दूल्हे के चचेरे भाई मनोज के साथ लड़की वालों की बहस होने लगी। खाने की प्लेट पर मनोज ने दो रसगुल्ले रखे थे, जबकि कन्या पक्ष ने हर बाराती को एक ही रसगुल्ला देने की बात हलवाई से कही थी।

लेकिन, दिक्कत यह हो गई कि मनोज ने दो रसगुल्ले रख लिए। लड़कीवालों ने मनोज को टोक दिया। बात छोटी थी, लेकिन आनन-फानन में इज्जत तक पहुंच गई। दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। यह रसगुल्ला विवाद इतना बढ़ जाएगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। नौबत मारपीट तक पहुंच गई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

किसी ने खबर दी तो पुलिस भागी हुई आई। दोनों पक्षों के बीच विवाद को ठंडा भी करवा दिया। लेकिन, रसगुल्ले पर मचे घमासान के बीच वधू ने अपना फैसला कर लिया था। आहत लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया। हालात एकदम से बदल गए। लोगों ने लड़की को समझाने की कोशिशें कीं, लेकिन वह शादी न करने के अपने फैसले पर कायम रही।

लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

-आईएएनएस

ये भी पढ़ें - सनकी आशिक ने एकतरफा प्यार में युवती को चाकूओं से गोदा