रिकॉर्ड चौथी बार एवरेस्ट फतह करने के तुरंत बाद 5वीं चढ़ाई करेंगी अंशु

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 17 मई 2017, 10:02 PM (IST)

ईटानगर। दुनिया के सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को चार बार फतह कर चुकीं भारत की महिला पर्वतारोही अंशु जामसेनपा तुरंत पांचवीं बार एवरेस्ट को फतह करने की कोशिश करेंगी। अंशु के पति सेरिंग वांग ने बुधवार को यह जानकारी दी। अंशु जामसेनपा मंगलवार को चार बार माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली भारत की पहली महिला पर्वतारोही बनीं। वांग ने कहा, ‘‘अंशु जामसेनपा तुरंत दोबारा एवरेस्ट को चढ़ाई करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। हमने पांचवें अभियान के लिए पहले ही भुगतान कर दिया है और इससे संबंधित सारी कागजी कार्यवाही भी पूरी कर दी है।’’

वांग ने कहा कि अंशु जामसेनपा बुधवार या गुरुवार को बेस कैंप पहुंच सकती हैं और गुरुवार को टीम उनके दोबारा एवरेस्ट की चढ़ाई शुरू करने पर फैसला लेगी। सभी को उनकी उपलब्धि पर गर्व है। भारत और अरुणाचल प्रदेश के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है। अंशु जामसेनपा के पति वांग अरुणाचल पर्वतारोहण और साहसिक खेल संघ के प्रमुख भी हैं। उन्होंने कहा कि कैंप के अधिकारियों ने अंशू से बात की है और उन्होंने सूचना दी है कि अंशु बिल्कुल स्वस्थ हैं और डबल एसेंट की कोशिश करना चाहती हैं। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बुधवार को चौथी बार एवरेस्ट फतह करने के लिए अंशु जामसेनपा को बधाई दी।

खांडू ने कहा, ‘‘अंशु जामसेनपा तुमने माउंट एवरेस्ट पर देश का ध्वज चौथी बार लहराकर हम सभी को गौरवान्वित किया है। अरुणाचल की बेटी को मेरी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं। मैं शुभकामनाएं देता हं कि आपके भावी अभियान सफल हों और इसी तरह आप देश को गौरवान्वित करती रहें।’’अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल पी.बी. आचार्य ने भी अंशु जामसेनपा को उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

दो बच्चों की मां अंशु जामसेनपा ने शनिवार सुबह 1.45 बजे चौथी बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई शुरू की थी और मंगलवार सुबह नौ बजे विश्व के सबसे ऊंचे शिखर पर राष्ट्रध्वज लहराया। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने दो अप्रैल को असम में हरी झंडी दिखाकर अंशु जामसेनपा के एवरेस्ट फतह करने के दोहरे अभियान का आगाज किया था।

अंशु जामसेनपा ने मई, 2011 में दो बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई की थी और इसके बाद 18 मई, 2013 को उन्होंने तीसरी बार फिर इसे फतह किया। अंशु जामसेनपा अगर इस बार अपने इस दोहरे अभियान में सफल हो जाती हैं, तो वह माउंट एवरेस्ट पर पांच बार चढ़ाई करने का एक नया रिकॉर्ड बनाएंगी।

ये भी पढ़ें - यहां पति के जिंदा रहते महिलाएं हो जाती हैं विधवा