बीकानेर। तूफानी आंधी के बाद श्रीडूंगरगढ़ स्थित जोधासर में काश्तकार की ढाणी में भभकी भीषण आग की चपेट में आने से 11 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। उसकी 15 वर्षीय बहन भी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे पीबीएम की बर्न यूनिट में भर्ती कराया है। इस अग्निकांड में तीन बकरियों की भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात आंधी के दौरान चूल्हे से उठी चिंगारी के कारण किसान मोहनसिंह राजपूत की ढाणी में बने दो कच्चे झोपड़ों ने आग पकड़ ली। इन झोपड़ों में मोहन सिंह का 11 वर्षीय लडक़ा विक्रम सिंह सो रहा था। उसे झोपड़े में लगी आग अहसास नहीं हुआ और देखते ही देखते दोनों झोपड़े चिता की तरह सुलगने लगे और आग की लपटों से घिरे एक झोपड़े का छप्पर विक्रम सिंह के ऊपर जा गिरा। आग में फंसे 11 वर्षीय विक्रम सिंह को बचाने के लिए उसकी मां किरण कंवर और बहन कमला कंवर ने काफी प्रयास किया। किरण कंवर तो धधकती आग की परवाह किए बिना बेटे को बचाने झोपड़े में घुस गई, लेकिन लपटों से घिरे भारी भरकम छप्पर के नचे दबे विक्रम को बचा नहीं पाई। उसे बचाने के प्रयास में बहन कमल कंवर भी बुरी तरह झुलस गई।
तीन बकरियां भी जलीं
आग की चपेट में आने से झोपड़े के पीछे बाड़े में बंधी तीन बकरियों की भी मौत हो गई। आगजनी के समय मोहनसिंह अपने खेत की दूसरी ढाणी के झोपड़े में सो रहा था। वह जब तक वहां पहुंचा तब तक विक्रम सिंह की मौत हो चुकी थी।
मचा हा-हाकार
प्रलयकारी आग की लपटों में घिरे मोहनसिंह के ढाणी के झोपड़ों को देखकर आस-पास के ग्रामीणों में हा-हाकार मच गया। लोगों ने इधर-उधर से पानी का बंदोबस्त कर बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया, तब तक आग की चपेट में आने से ढाणी में रखा सामान-नकदी व जेवरात जल गए।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे