फिर पोस्टपोन हुई ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तां’, कारण बना यह ‘खान’

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 09 मई 2017, 11:46 AM (IST)

ऐसा लगता है आदित्य चोपडा की ठग्स ऑफ हिंदोस्तां भी कमोबेश उसी राह पर जा रही है जिस राह पर करण जौहर की शुद्धि गई थी। पिछले डेढ वर्ष से यह फिल्म चर्चाओं में बनी हुई है लेकिन इसकी शूटिंग शुरू नहीं हो पा रही है। सब कुछ राह पर आने के बाद तय था कि इस फिल्म की शूटिंग अब 1 जून से शुरू हो जायेगी लेकिन अब जो समाचार प्राप्त हो रहे हैं उनके अनुसार आदित्य चोपडा की यह फिल्म एक बार फिर से पोस्टपोन हो चुकी है। इस बार कारण बना है आमिर खान का परफेक्शन। इस फिल्म के लिए आमिर खान को तलवारबाजी सीखनी है और इसके लिए आमिर खान को समय चाहिए। जिस वक्त की इस फिल्म की कहानी है, उस समय तलवारबाजी महज शौक नहीं हर आम ओ खास के लिए जरूरत होती थी, तलवार चलाना जिन्दगी का जरूरी हिस्सा था। इसके चलते आमिर खान किसी प्रकार का रिस्क नहीं उठाना चाहते हैं। वह चाहते हैं फिल्म में उनके द्वारा तलवार चलाने के दृश्यों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। हालांकि इससे पहले भी आमिर खान केतन मेहता की फिल्म मंगल पांडे में बखूबी तलवारबाजी का नमूना पेश कर चुके हैं। वैसे इस बात को काफी लंबा समय हो चुका है। आमिर खान ने इसके लिए अमेरिका से ट्रेनर बुलवाये हैं जो उनको तलवारबाजी की ट्रेनिंग दे रहे हैं। उनकी ट्रेनिंग पूरी होने में अभी समय है जिसके चलते यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह फिल्म अपने तय समय 1 जून को फ्लोर पर नहीं जा पायेगी। इस फिल्म का प्रदर्शन दीवाली 2018 में होना है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे