जयपुर। एटीएस ने नेशनल एलीजिबिलिटी एंट्रेस टेस्ट (नीट) की परीक्षा का पेपर बेचने वाले गिरोह के 5 व्यक्तियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में जयपुर से तीन और दिल्ली से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी छात्रों से पांच-पांच लाख रुपए लेकर पेपर उपलब्ध कराते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। जिसके बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
एटीएस से मिली जानकारी के अनुसार सभी आरोपियों ने छात्रों को शनिवार को अपने पास बुला लिया था। जहां रात को पेपर देने के बाद सुबह उन्हें सेंटरों पर छोड़ दिया गया। एटीएस को जब पेपर लीक होने और कई छात्रों से रुपए लेकर बेचेने की बात पता चली तो एक टीम का गठन कर जयपुर से तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दिल्ली से 2 युवकों को गिरफ्तार किया गया। एटीएस जयपुर में युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर मामले की जांच में जुट गइ्र है। फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि जो पेपर छात्रों को दिए गए, उसमें कितना पेपर रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा के पेपर से मेल खाया। एसओजी इसकी जांच में जुटी है।
एटीएस के अनुसार जयपुर से पकड़े गए आरोपियों में सावित्री नगर नई दिल्ली निवासी विक्रम सिंह (40) हाल निवासी विद्याधर नगर जयपुर का गणपति प्लाजा में एडुगाइड्स एंड एडु टार्गेट कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से ऑफिस है। इसी का साथी विकास कुमार सिन्हा (41) तथा मुरलीपुरा के आर्य नगर निवासी भूपेंद्र कुमार शर्मा (44) पशुपालन निदेशालय जयपुर में कार्यरत है। इनके अलावा दिल्ली से दिशांक उर्फ राहुल मलिक (31) निवासी लाजपत नगर, नई दिल्ली एवं अशोक गुप्ता निवासी बैग कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे