राजस्थान की ढाणियों में बिजली पहुंचाने के लिए दी जाए अतिरिक्त केन्द्रीय मदद : पुष्पेन्द्र सिंह

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 03 मई 2017, 8:19 PM (IST)

जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान के उर्जा राज्य मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह ने राजस्थान में नवीनीकृत उर्जा के क्षेत्र में हुए काम को एक मिसाल बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की पहल पर उर्जा क्षेत्र में सुधार उपायों को अपनाने और केन्द्र के साथ ‘उदय’ योजना में भागीदारी में भी राजस्थान अग्रणी प्रदेश है। सिंह ने यह जानकारी बुधवार को नई दिल्ली के होटल अशोक में आयोजित राज्यों के उर्जा मंत्रियों के सम्मेलन में दी। उन्होंने उर्जा के क्षेत्र में राज्य की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी भी दी। सम्मेलन की अध्यक्षता उर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पीयूष गोयल ने की।

उर्जा राज्यमंत्री ने राजस्थान की विषम भौगोलिक परिस्थितियों की चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश के रेगिस्तानी और आदिवासी क्षेत्र में छितराई आबादी और ढाणियों तक बिजली पहुंचाना बहुत बड़ी चुनौती है। उन्होंने इस चुनौती का सामना करने के लिए केन्द्रीय उर्जा राज्यमंत्री से राजस्थान को विशेष केन्द्रीय सहायता दिलवाने का आग्रह किया।

उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत प्रदेश में चलाई जा रही ग्राम ज्योति योजना की प्रगति से भी अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना में 2805 करोड़ रुपए की 33 परियोजनाओं का काम प्रगति पर है। इस योजना में प्रदेश के दूरदराज गांवों, ढाणियों और बीपीएल परिवारों को 7.60 लाख घरेलू कनेक्शन देने का लक्ष्य है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे