धौलपुर। जिले के एससीएसटी कोर्ट ने कांस्टेबल रामसहाय बनाम सत्यनारायण खींची मामले में मंगलवार को राजस्थान पुलिस के एसपी सत्यनारायण खींची सहित दो पुलिसकर्मियों की जमानत जब्त कर गिरफ्तारी वारंट से तलब करने के आदेश दिए हैं।
सत्यनारायण खींची राजस्थान के जयपुर पुलिस मुख्यालय में सीआईडी सीबी पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। उस वक्त खींची धौलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर थे।
मामला यह है कि राजस्थान पुलिस के एसपी सत्यनारायण खींची द्वारा गवाह को धमकाने का मामला जुडिशियल मजिस्ट्रेट नंबर तीन में चल रहा था, जहां से एससीएसटी कोर्ट में 18 अप्रैल 2017 को पत्रावली आई थी। पत्रावली में न्यायालय ने आगामी तारीख पेशी में एसपी सत्यनारायण खींची, पुलिसकर्मी भोजाराम और मुनेश मीणा को हाजिर होने के निर्देश दिए थे। लेकिन आज न्यायालय ने तीनो के हाजिर नहीं होने पर एसपी खींची व दोनों पुलिसकर्मियों की जमानत जब्त कर गिरफ्तारी वारंट से तलब करने के आदेश दिए हैं।
मामला वर्ष 2008 का हैं। पुलिस कांस्टेबल गिरधारी की कुछ साथी सिपाहियों ने मारपीट कर दी थी। जिस मामले में गिरधारी के समक्ष गवाही देने पहुंचे कांस्टेबल रामसहाय को तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धौलपुर सत्यनारायण खींची ने धमकाया और थाने में बंद कर दिया था। यह मामला इस्तगासा के जरिए न्यायालय में दायर किया गया था जो अभी भी विचाराधीन चल रहा हैं।