गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने गोरखपुरदौरे के आज दूसरे दिन की
शुरुआत गोशाला में गायों को चारा खिलाकर की। इसके बाद सीएम योगी का जनता
दरबार सजा जहां लोगों की परेशानियां सुनी गई। दोपहर को मुख्यमंत्री योगी
आदित्यनाथ ने देवरिया के सलेमपुर में दिव्यांगों को उपकरण बांटे। इस मौके
पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अपनी सरकार की अब तक की उपलब्धियां
गिनवाईं और जनता से किये वादे दोहराए।
प्रधानमंत्री मोदी को
दिव्यांगों का हमदर्द बताते हुए योगी ने कहा कि उनकी सरकार भी दिव्यांगों
को स्वावलंबी बनाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करेगी। उन्होंने याद दिलाया कि
राज्य सरकार ने दिव्यांगों की मासिक पेंशन 300 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये
की है। योगी ने ऐलान किया कि तहसील दिवस पर दिव्यांगों के लिए विशेष
सुविधाओं का ऐलान होगा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को
120 दिनों के भीतर सुलझाने का वादा भी किया। योगी ने कहा कि हम 120 दिनों
के भीतर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्या को हल करेंगे, जो आज यहां आए
हैं। मैं उन्हें वादा करता हूं। उन्हें चिंतित नहीं होना चाहिए।
अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
किसानों
से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के भाषण में छाए रहे। उन्होंने बताया कि
गन्ना किसानों को अब तक 5500 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है और
चीनी मिलें इसी वित्तीय वर्ष में उनका बकाया चुकाएंगी। उन्होंने चीनी मिलों
का पूर्वी यूपी की अर्थव्यस्था का आधार बताया और कहा कि पूर्वी यूपी की
बंद चीनी मिलों को जल्द दोबारा शुरू करवाया जाएगा। योगी आदित्यनाथ के
मुताबिक चीनी मिलों की दशा सुधारने के लिए एक हाईपावर कमेटी बनाई गई है।
साथ ही किसानों को गेहूं पर मिलने वाले समर्थन मूल्य में भी 10 रुपये का
इजाफा किया गया है। मुख्यमंत्री का कहना था कि गरीबी की रेखा से नीचे रह
रहे लोगों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया जाएगा।