दिल्ली:कैदी की गोली मारकर हत्या

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 29 अप्रैल 2017, 1:57 PM (IST)

नई दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में बेखौफ बदमाशों ने शनिवार को पेशी पर आए कैदी राजेश दामोदर को पुलिस अभिरक्षा के बीच गोलियों से भून डाला। गोली लगने के बाद मुजरिम की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने कैदी को मौत के घाट उतारने वाले हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात से पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों के मुताबिक, राजेश की हत्या को गैंगवार के चलते अंजाम दिया गया। वारदात के बाद कोर्ट कैंपस की सुरक्षा बढ़ा दी गई और बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए।
यह सनसनीखेज वारदात शनिवार सुबह रोहिणी कोर्ट के गेट नंबर 5 पास हुई। पुलिस हरियाणा से लाए गए एक मुजरिम राजेश को इस गेट से पेशी के लिए अदालत लेकर जा रही थी। जैसे ही पुलिस उस मुजरिम को लेकर गेट पर पहुंची, तभी वहां पहले से मौजूद एक शख्स ने उस मुजरिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने घायल हुए कैदी राजेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वह हरियाणा का कुख्यात बदमाश बताया जा रहा है। गोली लगने से मौके पर ही कैदी खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। गोली चलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरा मच गई। पुलिस ने फौरन मुजरिम पर हमला करने वाले हमलावर को हथियार समेत धर दबोचा। गोली चलाने वाले आरोपी का नाम मोहित बताया जा रहा है। पुलिस ने राजेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
रोहिणी के डीसीपी ऋषिपाल ने बताया कि यह हत्या गैंगवार के चलते अंजाम दी गई है। मृतक राजेश नीटू दाबोडिया गैंग का सदस्य था, जबकि आरोपी मोहित नीरज बवाना गैंग का सदस्य है। उसे चार महीने पहले मर्डर केस में गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली के बवाना थाने में भी उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस राजेश को मर्डर केस की पेशी के लिए रोहिणी कोर्ट लाई थी। जैसे ही पुलिस उसे लेकर गेट के नजदीक पहुंची, घात लगाकर बैठे कुछ बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। कोर्ट कैंपस में अफरातफरी के बीच भागने की कोशिश कर रहे हमलावर मोहित को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मोहित के साथ एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई जानकारी पुलिस ने नहीं दी है।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे