बिल बकाया हो तो भी रोगियों को बंधक नहीं बना सकते अस्पताल :हाईकोर्ट

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 26 अप्रैल 2017, 10:03 PM (IST)

नयी दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने राजधानी के एक बडे, निजी, सर गंगाराम अस्पताल से कहा कि वह बकाया बिल वसूलने के लिए रोगियों को बंधक बना कर नहीं रख सकता। रोगी के बेटे की एक याचिका पर यह आदेश आया है।

बिल के बकाया रहने को लेकर एक रोगी को कथित तौर पर बंधक बना कर रखने के तरीके की निंदा करते हुए जस्टिस विपिन सांघी और जस्टिस दीपा शर्मा की पीठ ने कहा कि यदि बिलों का भुगतान नहीं किया जाता है, तो रोगी को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाए। आप रोगी को बंधक बना कर नहीं रख सकते। यह काम करने का तरीका नहीं हो सकता।

अदालत ने सर गंगाराम अस्पताल से कहा,यहां तक कि यदि रकम बकाया हो, तो भी बकाया बिल वसूलने के लिए रोगियों को बंधक नहीं बनाया जा सकता। हम इस चलन की निंदा करते हैं। इसने अस्पताल को रोगी की अस्पताल से छुट्टी के कागजात बनाने और उसके बेटे एवं याचिकाकर्ता को अस्पताल से अपने पिता को फौरन ले जाने का निर्देश दिया।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

दिल्ली सरकार के वरिष्ठ वकील राहुल मेहरा ने कहा कि इस तरीके से कई अस्पताल बर्ताव करते हैं। रोगी मध्य प्रदेश का एक पूर्व पुलिसकर्मी है। इलाज के लिए उसे फरवरी में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

गौरतलब है कि अपनी याचिका में रोगी के बेटे ने आरोप लगाया था कि 13.45 लाख रूपये के बकाया रकम वसूलने को लेकर उसके पिता को अस्पताल ने बंधक बना कर रखा है। यह आरोप भी लगाया कि उसके पिता का उपयुक्त इलाज नहीं किया गया और जब उसने उन्हें कहीं और ले जाने की इजाजत मांगी, तो अस्पताल ने ऎसा करने से मना कर दिया।

यकायक सुलग उठता है घर में रखा सामान...